
रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष मोहन मरकाम होंगे. एआईसीसी के जनरल सेक्रेटरी के सी वेणुगोपाल ने आदेश जारी कर दिया है. बता दें कि बीते सोमवार को कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम और भानुप्रतापपुर विधायक मनोज मंडावी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी. इस दौरान छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी मौजूद थे. इस मुलाकात में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी को लेकर दोनों नेताओं से चर्चा हुई थी ।
राज्य की राजनीति को जानने वालों का मानना है कि कांग्रेस आदिवासी वर्ग के जनाधार को साधकर रखना चाहती है. मोहन मरकाम के पक्ष में यह भी बड़ी बात रही कि वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कैबिनेट मंत्री टी एस सिंहदेव दोनों के करीबी है. उनके अध्यक्ष बनने पर किसी तरह के टकराव के आसार नहीं है. पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रदेश प्रभारी पी एल पुनिया भी ऐसे नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहते थे, जिससे सत्ता और संगठन के बीच भी टकराव के हालात न बने ।
पिछले दिनों मोहन मरकाम और मनोज मंडावी दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी. राहुल ने राज्य की राजनीति में किए गए उनके कार्यों की समीक्षा की थी. इसके बाद प्रदेश प्रभारी और मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद मोहन मरकाम के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई ।
