
रायपुर । पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में निर्मित एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण को लेकर आज कांग्रेस-भाजपा में टकराव की स्थिति बनते दिख रही है। पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने 30 जून तक लोकार्पण नहीं होने पर 1 जुलाई को नागरिकों के साथ मिलकर एक्सप्रेस-वे की लोकार्पण की चेतावनी दी थी। शहर भाजपा ने ऐलान कर दिया है कि इस सड़क को उनकी पार्टी के नेता मिलकर सोमवार को शाम 5 बजे आम लोगों के लिए खोल देंगे। संकेत मिले हैं कि युवक कांग्रेस के कुछ नेताओं ने लोकार्पण की इस कोशिश का कड़ा विरोध करने की तैयारी कर ली है। पुलिस इस मामले में देर रात से नजर रखे हुए है और सूत्रों के मुताबिक जरूरत पडऩे पर आज शाम 5 बजे से पहले कुछ लोगों को एहतियातन हिरासत में लेने की भी तैयारी है। छोटी लाइन पर बनाए गए नैरोगेज एक्सप्रेस-वे में अभी कुछ काम बाकी है। हालांकि राजधानी से एयरपोर्ट जाने वाले लोग पिछले दो महीने से इसी सड़क का इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि यह एयरपोर्ट रोड पर फुंडहर गांव से कुछ पहले से गुजर रही है। पिछली सरकार के ही कार्यकाल में बने शंकरनगर ओवरब्रिज का कुछ दिन पहले कांग्रेस सरकार के प्रतिनिधियों ने लोकार्पण किया है। अब एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण का नंबर है। भाजपा की ओर से कल जारी एक बयान में कहा गया कि पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार शाम 5 बजे शहर जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और श्रीचंद के साथ एक्सप्रेस-वे को जनता के लिए खोल देंगे। इस बयान के बाद से ही कांग्रेस खेमे में हलचल है। सूत्रों का कहना है कि युवक कांग्रेसियों के साथ कुछ पार्षद भी भाजपा नेताओं के इस कदम का विरोध करने के लिए जा सकते हैं। इसीलिए पुलिस भी तैयारी में लग गई है और कुछ नेताओं को कल दोपहर तक हिरासत में भी लिया जा सकता है। इस बीच, श्रीचंद ने एक बयान जारी कर दोहराया कि रमन सरकार ने जनता के हित में एक्सप्रेस-वे का निर्माण करवाया था, लेकिन इसे दुर्भावनावश खोला नहीं जा रहा है।
