
रायपुर । जगन्नाथ पुरी धाम की तरह राजधानी में भी रथयात्रा का उत्साह मनाया जा रहा है। 9 दिनों तक चलने वाली जगन्नाथ यात्रा की शुरुआत गुरुवार से हो रही है। भगवान जगन्नाथ बुधवार को भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ 15 दिनों के एकांतवास के बाद बाहर निकले। शोभायात्रा के पहले गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर को खासातौर पर फूलों से सजाया गया है। सुबह से ही मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने भक्तों की भीड़ लगी हुई है ।
जगन्नाथ शोभायात्रा में शामिल होने आए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पारंपरिक रूप से भगवान को रथ तक ले जाने के दौरान रास्ते में छेरापहरा (सोने के झाड़ू लगाना) लगा रस्म पूरी की। रथयात्रा समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह पत्नी वीणा सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक,विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा और मेयर प्रमोद दुबे, मंत्री जय सिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचे ।
