
रायपुर । पिछले 10 सालों से मुंबई की तर्ज पर होने वाली दही-हांडी प्रतियोगिता की तैयारी जोरशोर से चल रही है। दो साल से लड़कियां भी दही-हांडी फोडऩे के लिए दमखम दिखा रहीं हैं।
प्रारंभ में लड़कियों के लिए मात्र 15 फीट की ऊंचाई पर हांडी टांगी जाती थी, लेकिन अब इन्हें भी 20 से 25 फीट की ऊंचाई का लक्ष्य दिया जाएगा। इसे देखते हुए युवतियां प्रशिक्षण लेने में जुट गई हैं। शाम 4 बजे से 7 बजे तक युवतियां प्रशिक्षण ले रहीं हैं।
टिकरापारा हरदेव लाला मंदिर परिसर में युवतियों की कई टोलियां प्रशिक्षण लेती नजर आईं। एक-दूसरे के कंधों का सहारा लिए ऊंचाई पर टंगी मटकी फोडऩे के लिए उपर चढ़तीं फिर गिरतीं और फिर कोशिश करतीं। जब 15 फीट का लक्ष्य हासिल कर लिया तो फिर 20 फीट ऊंचा चढऩे का प्रयास करने लगीं। प्रशिक्षण ले रहीं युवतियों में भारती गढ़े, वैशाली गावडे, सीमा गावडे, रेखा मंडावी, सुमित्रा गावडे, सुहानी गावडे, पूजा गोटे, रेखा मंडावी, चंद्रिका गोटे, प्रिया गोटे, मिकी गोटे, ललिता गावडे पार्वती गावडे आदि शामिल हैं। कोच रामू मंडावी, चंदू गावडे प्रशिक्षण दे रहे हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव विकास समिति के संयोजक माधव लाल यादव ने बताया कि जन्माष्टमी पर 24 अगस्त को दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन सप्रे शाला मैदान में होगा। प्रतियोगिता में प्रथम इनाम 31 हजार, दूसरा 11 हजार, तीसरा छह हजार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा जो भी गोविंदा मंडलियां भाग लेंगी उन सभी को 5-5 हजार रुपए सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
