
रायपुर । कश्मीर मामले में भाजपा नेताओं द्वारा लगातार स्तरहीन गैर जिम्मेदाराना एवं अवसरवादी बयानबाजी पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कश्मीर के मामले में आज देश हित की सर्वोपरि रखते हुये संजीदा एवं जिम्मेदार राजनीति की आवश्यकता है। पं. नेहरू जैसे आजादी की लड़ाई के नेता को गलतियां निकालने वाले पहले अपने गरेबां में झांक कर तो देखे। 370 लागू करने के संविधान के मसौदे पर स्वयं जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हस्ताक्षर किये थे। अपनी गलतियों के लिये पं. नेहरू को दोषी ठहराना भाजपा की देश के साथ प्रवचना है, धोखाधड़ी है। आज यदि कश्मीर भारत का हिस्सा है तो पं. नेहरू के ही कारण है। कश्मीर मामले में भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही क्षुद्र राजनीति गलत एवं अनुचित है। शिवराज सिंह चौहान के द्वारा की गई टिप्पणी पर कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि जो जिस मानसिकता का होता है उसे वैसी ही मानसिकता नजर आती है। पं. नेहरू ने अंग्रेजों की जेलों में 10 साल काटे, निश्चित रूप से पं. नेहरू अपराधी थे लेकिन वे भारत की जनता के नहीं अंग्रेजी साम्राज्य के अपराधी थे। पं. नेहरू तो भारत के हीरो थे। पं. नेहरू देश की आजादी की लड़ाई लड़ी और यदि शिवराज सिंह चौहान जैसे भाजपाइयों की नजर में वे अपराधी थे, तो ऐसे अपराध करने पर हम सबको गर्व है। पं. नेहरू द्वारा किये गये स्वाधीनता संघर्ष पर हर भारतवासी को गर्व है। शिवराज सिंह चौहान की टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। शिवराज सिंह चौहान की टिप्पणी के प्रति पूरे देश में गहरी नाराजगी है। पं. नेहरू को अपराधी कहने वाले शिवराज सिंह चौहान जी बताये कि वे अपने भाजपा के नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह के बारे में क्या सोचते है? ये शिवराज सिंह चौहान को देश को बताना चाहिये। शिवराज सिंह चौहान के अपने बयान पर कायम रहने को राजनैतिक बेशर्मी की पराकाष्ठा निरूपित करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि राष्ट्रकवि दिनकर को ऐसी ही परिस्थितियों को देख कहना पड़ा था कि समर शेष है, शपथ धर्म की हमे लाना है वह काल जब बिचरे अभय देश में गांधी और जवाहर लाल ।
