
रायपुर । डीडीनगर इलाके के चंगोराभाठा में आधी रात घर के बाहर टहल रहे निजी स्कूल संचालक की बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने पिटाई कर सोने की चेन गले से खींचकर भाग निकले। दरअसल घर के सामने संदिग्ध हालत में खड़े एक युवक को देखकर स्कूल संचालक ने कैसे खड़े हो पूछा था। यह बात युवक को नागवार गुजरी। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। शिकायत पर पुलिस ने लूट का केस दर्जकर बाइक नंबर के आधार पर गुरूवार की सुबह दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक रिंग रोड नंबर एक चंगोराभाठा निवासी अविनाश सक्सेना की नेशनल कान्वेंट स्कूल है। बुधवार रात 12.30 बजे अविनाश खाना खाकर घर के अंदर टहल रहा था। उसी समय घर के बाहर एक युवक को संदिग्ध हालत में बाइक के साथ खड़ा देखकर अविनाश बाहर निकला और पूछा कैसे खड़े हो। उस युवक ने अपने दोस्तों का इंतजार कर रहा हूं बोला तब अविनाश को संदेह हुआ। उसने मोबाइल से बाइक क्रमांक सीजी 04 एलडब्ल्यू 2889 का फोटो खींच लिया। उसके बाद अविनाश घर से करीब 50-60 कदम दूर श्याम डीजल पंप सर्विस स्टेशन के पास टहलते हुए चला गया। उसी समय वह युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां आ धमका और बिना कुछ कहे पकड़कर तीनों अविनाश से मारपीट करने लगे। किसी तरह अविनाश अपने आप को छुड़ाकर भागते हुए घर पहुंचा। इस दौरान गले में पहना हुआ सोने का चेन लूटकर बाइक सवार भाग निकले थे। मारपीट में अविनाश के माथे, गले, हाथ और पीठ में चोट आई है। अविनाश ने रात डेढ़ बजे डीडीनगर थाने में लूट की रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने मामले में अपराध कायम कर फरार लुटेरों की तलाश शुरू की। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
