
रायपुर । अंतागढ़ उपचुनाव में प्रत्याशियों की खरीद फरोख्त मामले में नया खुलासा किया गया है. मंतूराम पवार ने गुरुवार को रायपुर प्रेस क्लब में उपचुनाव के छह अन्य प्रत्याशियों के साथ प्रेस वार्ता ली. इसमें उन्होंने बड़े खुलासे किए. मंतूराम ने कहा कि मेरे अलावा दूसरे प्रत्याशियों को भी उपचुनाव से नाम वापस लेने पैसों के ऑफर दिए गए थे. इसकी लालच में ही सबने मैदान छोड़ा था, लेकिन ऑफर देने वालों ने उनके साथ धोखा दिया. मंतूराम पवार ने बताया कि अंतागढ़ उपचुनाव में नाम वापसी के लिए सात करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था, लेकिन मुझे पैसे नहीं मिले. मेरे अलावा छह और प्रत्याशियों को 1-1 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्हें सिर्फ 50-50 हजार रुपये ही दिए गए. इसको लेकर इन प्रत्याशियों ने भी कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया है. इस मामले में बीते 18 सितंबर को धमतरी के एक पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रेस कॉफ्रेंस में किए गए खुलासे के बाद बीजेपी की बड़ी किरकिरी हो रही है। डॉ. रमन के आलोचक उस पर सवाल उठाने लगे हैं।
दिल्ली में मिले थे रमन सिंह से: मंतूराम पवार ने कहा कि अंतागढ़ उपचुनाव के बाद 3 नवम्बर 2015 को मुझे दिल्ली बुलाया गया था. दिल्ली में डॉ. रमन सिंह, पुनीत गुप्ता, फिरोज सिद्दकी से मुलाकात हुई थी. रमन सिंह ने कहा था- पुनीत गुप्ता यहां है राजेश मूणत से मिलकर सब सेट कर देंगे, तुम चिंता मत करो सब बेहतर होगा. लेकिन बीजेपी में उन्हें न तो पद मिला और न ही प्रतिष्ठा।
रमन सिंह ने मंतूराम को खरीदा: मंतूराम पवार ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग ही कहते थे कि पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने मंतूराम को खरीदा है. मुझे दादागिरी कर के पार्टी से बाहर निकाला गया. रमन सिंह दोषी थे, मुझे बीजेपी से बाहर किया गया. मुझे बेचने वाला अजीत जोगी और खरीदने वाला रमन सिंह थे. रमन सिंह हमेशा कहते थे कि मैं तो 7 करोड़ दे चुका हूं, तुम्हे नहीं मिला तो गया कहां.
क्या है अंतागढ़ टेपकांड: बता दें कि साल 2014 में लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई अंतागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा था. उपचुनाव में कांग्रेस ने मंतूराम पवार को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन मंतूराम पवार ने ऐसे समय अपना नाम वापस ले लिया, जब कांग्रेस दूसरा प्रत्याशी खड़ा नहीं कर सकती थी. मंतूराम के अलावा 7 अन्य प्रत्याशियों ने भी नाम वापस ले लिया था. इससे चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को एक तरह से वॉक ओवर मिल गया. चुनाव के बाद एक आडियो वायरल हुआ, जिसमें नाम वापसी के लिए प्रत्याशियों की खरीद फरोख्त होने का हवाला था.
आडियो में कथित तौर पर अमित जोगी, मंतूराम पवार, डॉ. पुनीत गुप्ता, अजीत जोगी की आवाज बताई गई. इसी मामले में कांग्रेस की सरकार राज्य में बनने के बाद नये सिरे से जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है.
इंडियन एक्सप्रेस को हाईकोर्ट से राहत अंतागढ़ टेपकांड : जोगी ने दायर किया था मानहानि का परिवाद
रायपुर/बिलासपुर। अंतागढ़ टेप कांड का सबसे पहले खुलासा करने वाले अखबार इंडियन एक्सप्रेस को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. हाईकोर्ट ने इंडियन एक्सप्रेस के खिलाफ दाखिल किये गए अपराधिक मानहानि के मामले में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। अंतागढ़ उपचुनाव में नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी मंतुराम पवार ने अपना नामांकन वापस लेकर चौंका दिया था. मामले में खरीद-फरोख्त को लेकर इंडियन एक्सप्रेस ने एक ऑडियो टेप का ट्रांसक्रिप्शन को प्रकाशित किया था. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता और जोगी के पुत्र अमित जोगी की आवाज होने का दावा किया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अजीत जोगी ने इंडियन एक्सप्रेस को खबर का खंडन और माफी मांगने की नोटिस भेजी थी। जिसे अखबार द्वारा अस्वीकार कर दिया गया था. जिसके बाद जोगी ने इंडियन एक्सप्रेस के चेयरमैन, संपादक और रिपोर्टर को पक्षकार बनाते हुए आपराधिक मानहानि का अदालत में परिवाद पेश किया था. मामले में निचली अदालत ने इंडियन एक्सप्रेस को समंस जारी किया था. जिसके बाद अखबार ने हाईकोर्ट में निचली अदालत की कार्यवाही के खिलाफ याचिका दायर की थी. जिसकी सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने निचली अदालत की अग्रिम कार्यवाही पर रोक लगा दी है।
रमन सिंह का असली चेहरा सामने आ रहा है: सीएम भूपेश
रायपुर/दुर्ग। अंतागढ़ चुनाव में खऱीद-फरोख्त का खुलासा करने वाले मंतूराम पवार को सरकार सुरक्षा मुहैया कराएगी. सीएम भूपेश बघेल ने दुर्ग में पत्रकारों से बात करते हुए इसकी जानकारी दी. सीएम भपेश बघेल दुर्ग जिले के भिलाई में स्थित एक स्कूल पहुंचे थे। सीएम ने कहा कि मंतूराम को सुरक्षा दी जाएगी. भाजपा के जिस भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर प्रदर्शन किया था, अब जाकर उसके भ्रष्टाचार में रमन सिंह का असली चेहरा सामने आ रहा है। मंतूराम पवार अंतागढ़ टेपकांड मामले में आरोपी हैं, उन्होंने न्यायालय में धारा 164 के तहत अपना इकबालिया बयान दर्ज कराया है. जिसमें उन्होंने पूर्व सीएम रमन सिंह, राजेश मूणत, अजीत जोगी और अमित जोगी के ऊपर अंतागढ़ उप चुनाव में खरीद फरोख्त का आरोप लगाया था।
मंतूराम की प्रेसवार्ता पर भाजपा की प्रतिक्रिया
रायपुर । मंतूराम पवार की पत्रकार वार्ता पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्रीचंद सुन्दरानी ने कहा कि दंतेवाड़ा उपचुनाव के कारण मंतूराम पवार कांग्रेस की लिखी पटकथा पर अभिनय कर रहे हैं, और प्रेसवार्ता में दंतेवाड़ा उपचुनाव का जिक्र किया है। इस चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी के लिए मंतूराम अप्रासंगिक हो जाएंगें। कांग्रेस पार्टी मंतूराम को दूध में पड़ी मक्खी की तरह निकाल फेकेगी। बदलापुर सरकार के इशारे पर सबकुछ हो रहा है। भाजपा प्रवक्ता श्री सुन्दरानी ने कहा कि धमतरी जिले में दिए आवेदन को आधार बनाकर पत्रकारों से चर्चा करते हुए मंतूराम तरह-तरह के आरोप लगा रहे थे जिसका वे कोई प्रमाण नही दे पाए। उन्होंने कहा कि मंतूराम लिखी-लिखाई कहानी के आधार पर अभिनय कर रहे हैं।
जो मामला न्यायालय में जाता है उसे सार्वजनिक करने की जल्दबाजी कर कांग्रेस पार्टी की कठपुतली बन गए हैं। भाजपा प्रवक्ता श्री सुन्दरानी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व पूर्व मंत्री राजेश मूणत का पूरा प्रकरण से कोई लेना-देना नही है। भाजपा मंतूराम पवार व अन्य के खिलाफ कानूनी पहलू के आधार पर कार्रवाई करेगी।
