
रायपुर । राजधानी में शुक्रवार से राज्योत्सव की धूम रहेगी। राज्योत्सव का थीम ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ रखा गया है। इस बार राज्य स्थापना दिवस का कार्यक्रम तीन दिन चलेगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक हर रोज प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। राज्योत्सव की तैयारी का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार शाम को साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण किया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए ।
राज्योत्सव में इस बार स्थानीय कलाकारों को मंच देने का फैसला : अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार मौजूदा भूपेश बघेल सरकार ने राज्योत्सव में इस बार स्थानीय कलाकारों को मंच देने का फैसला लिया है। स्थानीय कलाकारों और समूहों को प्रस्तुति का मौका मिले, इसके लिए क्षेत्रवार दिन निर्धारित कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार एक नवंबर को राज्योत्सव के पहले बस्तर क्षेत्र के कलाकार प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन दो नवंबर को सरगुजा और तीसरे दिन तीन नवंबर को मध्य क्षेत्र के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी ।
विभागवार स्टाल : इसके अलावा सरकार की विभिन्न् योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागवार स्टाल बनवाए जा रहे हैं। व्यापार मेला का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रदेश के कारोबार को बढ़ावा और प्रोत्साहन मिले। सरकार की प्राथमिकता में कृषि है, इसलिए कृषि मेला का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृषि के क्षेत्र में नवाचार की जानकारी भी दी जाएगी। राज्योत्सव में रायपुर शहर से जुड़े चार अहम काम स्टॉलों पर देखने को मिलेंगे। नगर निगम और स्मार्ट सिटी जहां पौनी पसारी, नो प्लास्टिक और अमृत मिशन पर शहर के विकास को दिखाएंगे। वहीं यांत्रिकी विभाग रावणभाटा में बने अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की झलक दिखाएंगे। आईएसबीटी के साथ यांत्रिकी विभाग प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और कामकाजी महिलाओं के लिए बनाए गए हॉस्टल का मॉडल बनाएगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रजेंटेशन में होगा फोकस : रायपुर नगर निगम और स्मार्ट सिटी के स्टॉल में ऑडियो विजुअल प्रजेंटेशन भी रहेगी। इसमें महिलाओं के सशक्तिकरण और सक्सेस को दिखाया जाएगा। पौनी पसारी में 80 फीसदी दुकानें महिला समूहों को दी गई हैं। हालांकि राजधानी में महिला बाजार के प्रयोग अब तक बहुत सफल नहीं रहे हैं। हालांकि नो प्लास्टिक थीम में कपड़े के थैले और दोने-पत्तल आदि बनाने में महिलाओं की ही भूमिका महत्वपूर्ण है, प्रजेंंटेशन में इसी पर फोकस होगा।
राज्योत्सव आने वालों के लिए पार्किंग व्यवस्था
रायपुर। विभिन्न जिलों से सांइस कॉलेज मैदान में राज्योत्सव देखने आने वालों के लिए एक से तीन नवंबर तक के लिए रूट मैप पुलिस प्रशासन ने जारी कर दिया है। इसके साथ ही वीआइपी और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इस दौरान छह स्थानों पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दुर्ग-भिलाई की ओर से आने वाले यातायात राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 से होकर टाटीबंध चौक से मोहबा बाजार होते हुए युनिवर्सिटी गेट होकर एनआइटी कॉलेज परिसर स्थित पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल जाएंगे। बिलासपुर की ओर से राज्योत्सव स्थल आने वाले वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 से होकर भनपुरी तिराहा से रिंग रोड नंबर दो होते हुए टाटीबंध चौक से जीई रोड होकर महोबा बाजार चौक युनिवर्सिटी गेट होते प्रवेश करेंगे। बलौदा बाजार की ओर से राज्योत्सव स्थान आने वाले वाहन चालक विधानसभा चौक से रिंग रोड नंबर तीन होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 राजू ढाबा से तेलीबांधा पचपेड़ी नाका भाटागांव चौक कुशालपुर चौक रायपुरा ओवरब्रिज सरोना ब्रिज से मारुति शोरूम आमानाका तिराहा होकर कांगेर वैली अकेडमी से एनसीसी ग्राउंड स्थित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन पार्क कर पैदल राज्योत्सव स्थल प्रवेश करेंगे। आरंग महासमुंद के वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 तेलीबांधा चौक से रिंग रोड नंबर एक होते हुए पचपेड़ी नाका चौक भाठागांव चौक रायपुरा ओवर ब्रिज सरोना ब्रिज से मारुति शोरूम आमानाका तिराहा मार्ग से होते हुए कांगेर वैली अकेडमी से एनसीसी ग्राउंड स्थित पार्किंग बनाई गई। गरियाबंद धमतरी मार्ग के वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 होकर पचपेड़ी नाका चौक से रिंग रोड नंबर एक होते हुए भाठागांव चौक कुशालपुर चौक रायपुर ओवरब्रिज सरोना ब्रिज के नीचे से मारुति शोरूम आमानाका टर्निंग से होते हुए कांगेर वैली अकेडमी होकर एनसीसी ग्राउंड पहुंचेंगे।
