

रायपुर । पानी की गुणवत्ता जांचने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा 20 राज्यों से लिए गए पानी के नमूने में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पानी की गुणवत्ता देश में शीर्ष के पांचवें स्थान पर पाई गई है. महापौर प्रमोद दुबे ने कहा है कि नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वृहद कार्ययोजना बनाकर नगर निगम व रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने जिस योजनाबद्ध तरीके से कार्य शुरू किया है. इस वजह से शहर के पानी की गुणवत्ता को यह सम्मानजनक स्थान प्राप्त हुआ है. ज्ञात हो कि एक कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने इस सर्वेक्षण के निष्कर्ष की आज नई दिल्ली में जानकारी दी है।
नगर पालिक निगम के महापौर प्रमोद दुबे ने आगे कहा कि सभी नागरिकों को शुद्ध पेयजल मिले इस दिशा में गंभीर प्रयास किए गए हैं. झुग्गी बस्तियों सहित शहर के छोर में बसे रिहायशी इलाकों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो सके इसके लिए ठोस कार्य योजना बनाई गई है. सदर बाजार, तेलीबांधा, गुढ़ियारी जैसे रिहायशी इलाकों से योजनाबद्ध ढंग काम शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि पेयजल आवर्धन योजना के तहत जल शोधक संयंत्र में नए 80 एम.एल.डी. वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के साथ ही 150 एम.एल.डी. प्लांट का अपग्रेडेशन किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि 16 वाटर एटीएम की स्थापना बी.एस.यू.पी. साइट सहित प्रमुख अस्पतालों, उद्यानों, सार्वजनिक स्थलों पर रायपुर स्मार्ट सिटी द्वारा की गई है. जल जनित बीमारियों के संभावित क्षेत्र को चिन्हित कर प्रोफेसर कॉलोनी व अन्य झुग्गी बस्तियों में दो हजार किमी से भी अधिक पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से किया गया. यही वजह है कि इस वर्ष पीलिया व डेंगू जैसी बीमारियां भी रायपुर में पांव नहीं पसार सकी।
