
रायपुर । एक्सप्रेस-वे को लेकर शासन ने अभी तक कोई आदेश जारी नहीं किया है। शासन की रिपोर्ट आने के बाद ही जिम्मेदारों के ऊपर कार्रवाई तय होगी। लेकिन ठेका कंपनी ने शासन की रिपोर्ट आने के पहले ही एक्सप्रेस-वे के ओवरब्रिज की एप्रोच रोड की गिट्टी और डामर निकालने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे शहर वासियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। शासन की रिपोर्ट आने के बाद भी इस काम को करना है, इसलिए अभी से ही इसे शुरू कर दिया है। ठेका एजेंसी द्वारा रविवार को फाफाडीह स्थित ओवरब्रिज की एप्रोच रोड की गिट्टी और डामर निकालने का काम किया गया है। तीन सौ करोड़ की लागत से बनने वाले एक्सप्रेस-वे की पिछले चार माह से जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट अधिकारियों ने शासन को सौंप दी है, लेकिन शासन ने अभी तक रिपोर्ट का खुलासा नहीं किया है। शासन की रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। वही दूसरी तरफ एक्सप्रेस-वे का काम ठेका एजेंसी ने शुरू कर दिया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक एक्सप्रेस-वे के कॉपेक्शन में गड़बड़ी होने की बात सामने आई है। उसके बाद ठेका कंपनी तीन दिन से एक्सप्रेस की एप्रोच रोड को उखाडऩे का काम शुरू कर दिया है। ठेका कंपनी द्वारा सबसे पहले तेलीबांधा के दोनों तरफ के एप्रोच रोड उखाड दिया गया है। रविवार को फाफाडीह के ओवरब्रिज पर स्टेशन जाने वाले रोड के एप्रोच रोड के डामर और गिट्टी उखाडऩे का काम किया गया है। सड़क विकास निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर के लिए यह महत्वपूर्ण रोड है इसलिए रिपोर्ट आने के बाद शुरू करेंगे तो कई माह लग जाएगा। इसलिए तैयारी पहले से ही शुरू कर दी गई है।
