
रायपुर । छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के नेता बबलू रजा की मौत की उलझ गई है। पुलिस जहां मौत को दुर्घटना बता रही है वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। बुधवार को आई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में दुर्घटना से मौत की वजह सामने आई थी। हालांकि इस घटना की जांच की जा रही है और पुलिस को अंतिम पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। कांग्रेस नेता की लाश संदिग्ध हालत में मंगलवार को मिली थी। जानकारी के मुताबिक केनाल रोड के आर्च ब्रिज के पास रात करीब 11 बजे युवक की लाश पड़ी मिली। शव से कुछ दूरी पर कांग्रेस नेता का मोपेड गिरा था। वहां से गुजर रहे लोगों ने युवक को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसने दम तोड़ दिया था। उसके बाद युवकों ने ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अंबेडकर अस्पताल के चीरघर भेज दिया ।
पुलिस अफसरों के अनुसार पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। शव जहां मिला है वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं है। इसके बावजूद पुलिस आस-पास के इलाके में कैमरे की तलाश कर ही है। पुलिस ने बबलू रजा के दोस्तों को बुलाकर भी पूछताछ की है। लेकिन अभी तक मौत को लेकर किसी तरह का खुलासा नहीं हो सका है। इस बीच उसके परिवार वालों का कहना है कि बबलू रजा घर से तीस हजार रुपए और दो मोबाइल लेकर निकला था। उसके शरीर के पिछले हिस्से में चोट का निशान है जबकि दुपहिया में खरोच तक नहीं है ऐसे में दुर्घटना की बात अविश्वसनीय लगती है। परिवार वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
