
रायपुर। रायपुर नगर निगम के लिए पार्षद प्रत्याशी घोषित करने के लिए कांग्रेस-भाजपा के नेताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। काफी जद्दोजहद के बाद भाजपा की संभागीय चुनाव समिति ने कल रात 66 वार्डों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए। जिसके बाद से ही पार्टी में विरोध के दौर शुरु हो गए। वहीं कांग्रेस में विवाद और विरोध की आशंका को देखते हुए उम्मीदवारों की घोषणा देर रात तक चली बैठक के बावजूद नहीं की जा सकी है। पार्टी आज संभवत: आज अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।
भाजपा की सूची आने के बाद कांग्रेस की सूची में बड़े फेरबदल के संकेत हैं। कांग्रेस की सूची अब गुरुवार को जारी की जाएगी। बैठक में विरोध के बीच सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट हमारे पास है, इसलिए पता है, किसे टिकट देना है। बुधवार को बैठक के बाद जगदलपुर, धमतरी और चिरमिरी नगर निगमों के साथ ही लगभग 60 से अधिक नगर पंचायतों और पालिकाओं के प्रत्याशी भी घोषित कर दिए गए हैं। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री बघेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी मंत्री मौजूद थे। इस दौरान राजीव भवन में दिनभर दावेदारों की भीड़ जुटी रही। कहा जा रहा है कि कुछ जगहों पर विधानसभा चुनाव में बगावत करने वाले नेताओं को टिकट देने के लिए भी आपत्ति आई है। इस वजह से करीब दर्जनभर सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम रोक दिए गए हैं।
भाजपाइयों ने बिना सर्वे के टिकट बांटने का लगाया आरोप, इस्तीफे की धमकी
रायपुर नगर निगम के भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद विरोध शुरू हो गया है. कई दावेदारों ने टिकट वितरण में पक्षपात करने का आरोप लगाया है. वार्ड 25 से हरपाल सिंह को टिकट नहीं देने से समर्थक भड़क गए. समर्थकों ने पार्टी कार्यालय में जमकर हंगामा किया. पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की गाड़ी रोक ली. जिसे भारी मशक्कत के बाद हटाया गया। इसके अलावा वार्ड 29 से किशोर महानंद की टिकट कटने से समर्थकों ने भारी नाराजगी जताई. कार्यकर्ताओं ने चुनाव समिति पर कई आरोप लगाए. बिना सर्वे के टिकट बांटने तक का आरोप लगा दिया. बड़े नेताओं को पार्टी से इस्तीफा देने की धमकी दी गई। भाजपा ने रायपुर नगर निगम के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. रायपुर के 70 वार्ड में से 66 वार्ड प्रत्याशियों की सूची जारी की गई. बाकी चार वार्ड के प्रत्याशी का नाम का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
