
रायपुर । रायपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के पांचवे दिन 1850 वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करते पकड़े गए। सभी चालकों का मौके पर ही चालान काटकर जुर्माना वसूला गया। इस दौरान कई चालकों ने बहाने बनाकर बचने की कोशिश की लेकिन पुलिस के जवान बहानेबाजी को अनसुना कर चालान काटने से नहीं चूके। जांच अभियान में शामिल पुलिस अफसरों ने बताया कि 80 फीसद से अधिक वाहन चालको के सिर पर हेलमेट दिखने लगा है। वहीं चौक-चौराहों पर रेड सिग्नल होने पर वाहन चालक स्टॉपलाइट का पालन भी करने लगे हैं। शहर के 10 प्रमुख चौक को आदर्श चौक बनाने ट्रैफिक नियमों का पालन कराने पुलिस सख्ती बरत रही है। हेलमेट न पहनने से हर साल दोपहिया चालकों की होने वाली मौत के आंकड़े को कम करने पुलिस ने हेलमेट पर कार्रवाई पर खास जोर दिया है। रोज सुबह 10 से रात 8 बजे तक जांच अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस की इस विशेष जांच अभियान की आम नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पुलिस की सख्ती के चलते वाहन चालक नियमों का पालन कर ररहे है। इससे सुगम यातायात व्यवस्था दिखने लगी है। इस तरह की जांच नियमित रुप से होना चाहिए। एएसी ट्रैफिक एमआर मंडावी का कहना है कि वाहन चालक शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग करते हुए यातायात नियमों का पालन करें।
