
रायपुर। स्मार्ट सिटी कोतवाली के भूमिपूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने हाईटेक तकनीक से शहरी नागरिकों की सेवा, सुरक्षा व सुविधाओं के जरिए आम नागरिकों को मिल रही सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन्नत होते शहर में अति आधुनिक पुलिस नियंत्रण कक्ष व स्मार्ट कोतवाली से अपराध नियंत्रण व पुलिस अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी। इस समारोह की अध्यक्षता कर रहे नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा कि राज्य शासन, शहर के हर नागरिक को गुणवत्ता पूर्ण जीवन, रोजगार, मूलभूत सुविधाएं व सरलता पूर्वक नागरिक सेवाएं मिल सके इसके लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कई योजनाओं व कार्यक्रमों का क्रियान्वयन रायपुर सहित सभी नगरीय निकायों में कर रही है। समारोह में रायपुर लोकसभा सांसद सुनील सोनी, महापौर एजाज ढेबर, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप जुनेजा, नगर निगम लोककर्म विभाग के भारसाधक सदस्य ज्ञानेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रायपुर को सुविधा संपन्न अति आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में पहचान दिलाने की बात कही। समारोह में रायपुर रेंज के पुलिस महानिदेशक आनंद छावड़ा, रायपुर स्मार्ट सिटी के प्रबंध संचालक सौरभ कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल रहे। ऐतिहासिक सिटी कोतवाली के कायाकल्प की महत्वपूर्ण योजना की जानकारी देते हुए रायपुर स्मार्ट सिटी के एमडी श्री सौरभ कुमार ने बताया कि वर्षों पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर भवन के पीछे 14 हजार वर्ग फुट में इस भवन का निर्माण होगा। इसके लिए 30 हजार वर्ग फुट में भूतल के साथ 6 मंजिल की हाईटेक इमारत बनेगी। इस भवन को अति आधुनिक व सुव्यवस्थित स्वरूप देकर इसे आम लोगों व पुलिस प्रशासन के लिए सर्वसुविधायुक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि लगभग 6 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे इस भवन को 8 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखकर रायपुर स्मार्ट सिटी मिशन मोड पर काम कर रही है।
अपने उद्बोधन में महापौर एजाज़ ढेबर ने कहा कि रायपुर स्मार्ट सिटी व नगर निगम मिलकर अपने शहर में विश्व स्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तेजी से काम कर रही है और सभी जनप्रतिनिधि व आम नागरिक मिलकर मोर रायपुर को स्वच्छता, पर्यावरण, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जैसे हर मापदंड में सर्वोच्च स्थान दिलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रफुल्ल ठाकुर, स्मार्ट सिटी के जीएम तकनीकी एसके सुंदरानी, नगर निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, स्मार्ट सिटी के मुख्य वित्त अधिकारी अरविंद मिश्रा, जोन-4 कमिश्नर चंदन शर्मा, जोन-7 कमिश्नर वीरेंद्र पांडेय सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी कर्मचारी, कई सामाजिक संगठनों के सदस्य व स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
