
रायपुर । स्मार्ट सिटी लिमिटेड अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जमीन की तलाश शुरू की तो उन्हें नगर निगम के करीब चार हजार एकड़ जमीन के कब्जे में होने की जानकारी मिली। ये इलाके लाखे नगर, सड्डू, रायपुरा-महादेव मार्ग सहित आउटर के इलाके हैं, जो कब्जे के शिकार है। इन खाली जमीन पर स्मार्ट सिटी भवन सहित स्मार्ट वार्ड क्लिनिक खोलने की तैयारी में हैं। चौंकाने वाली बात है कि राजस्व विभाग के पास अभी निगम की खाली जमीनों के रिकार्ड अपडेट नहीं हो पाए हैं। इसके चलते शहर के आधा दर्जन प्राइवेट कॉलोनियों में निगम की करीब सैकड़ों एकड़ जमीन चली गई है।
नगर निगम अपने कब्जे की जमीन को मुक्त कराने के लिए अभियान चलाएगा। इसके लिए जोनवार दिशा-निर्देश भी दिए है। इन्हें क्रमबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। कुछ स्थानों पर जैसे टिकरापारा स्वीपर कॉलोनी में झोपड़ी और झुग्गी में 42 परिवार रहते हैं, जिन्हें हटाकर मठपुरैना के एरिया में शिफ्ट किया जाएगा ।
नौ फैक्ट्रियों की जांच, एक से निकल
रहा था केमिकल युक्त पानी
बिरगांव नगर निगम के अंतर्गत फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी बिना रिसाइकल खारुन नदी में छोड़ा जा रहा है। गुरुवार को जिला प्रशासन की टीम ने नौ फैक्ट्रियों की जांच की है। टीम को एक फैक्ट्री के अंदर से सीधे केमिकल छो?ते पाया गया है। सूत्रों की मानें तो जिला प्रशासन की टीम द्वारा जांच शुरू करते ही कंपनी संचालक एलर्ट हो जाते हैं और पानी छा़ेडना बंद कर देते हैं, जिससे जांच के दौरान पकड़ में नहीं आते हैं। वहीं दूसरी तरफ निगम प्रशासन ने गुरुवार की सुबह एक घंटे तक पानी की सप्लाई की है, लेकिन वह पानी पीने योग्य नहीं है, उसे सिर्फ अन्य कार्य में उपयोग कर सकते हैं। निगम के अधिकारी का कहना है कि शुद्ध पानी सप्लाई करने में एक या दो दिन और लगेगा। ज्ञात हो कि बिरगांव स्थित खारुन नदी के आसपास करीब 21 फैक्ट्रियां हैं। इसमें से कुछ फैक्ट्रियों से निकलने वाला कैमिकल युक्त पानी सीधे खारुन नदी में जा रहा है। इससे नदी का पानी पूरी तरह से गंदा हो गया है। खारुन नदी में फैक्ट्रियों का पानी पिछले कई सालों से जा रहा है। बिरगांव नगर निगम के जनप्रतिनिधि लगातार इस मुद्दे को उठाते रहते हैं। उसके बाद भी इन पर रोक नहीं लग पा रही है। केमिकल युक्त पानी आने की वजह से लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है।
प्रोजेक्ट के तहत हर वार्ड में बनेंगे खेल मैदान
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट में अब हर वार्ड में खेल के मैदान भी बनाए जाएंगे। इसके लिए सर्वे आदि के काम शीघ्र ही चालू किए जाएंगे। इसके लिए अभी से ही नगर निगम के जोनों के माध्यम से सरकारी जमीन की तलाश जारी है।
अफसरों की कुंभकर्णी नींद
शिकायत पर अफसरों की कुंभकर्णी नींद खुलती है। जब भी किसी वार्ड के नागरिक कब्जे की शिकायत करते हैं, तब निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलती है। जो जमीन निगम के कब्जे में है, उसे मुक्त कराकर जनोपयोगी बनाया जाएगा। इसमें खेल मैदान और गार्डन शामिल हैं।
सौरभ कुमार, आयुक्त, नगर निगम
