
रायपुर । ऑटो डीलरों की मनमानी का खामियाजा जनता भुगत रही है। ऑटो डीलरों द्वारा रायपुर आरटीओ कार्यालय में आठ हजार बीएस-4 वाहनों का पेपर जमा नहीं किया जा रहा है। आरटीओ पेपर जमा करने को लेकर तीन बार तारीख बढ़ा चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी डीलरों द्वारा पेपर जमा नहीं किया जा रहा है ।
सोमवार को रायपुर आरटीओ कार्यालय में आरटीओ ने ऑटो डीलरों की बैठक लेकर पुराने पेपर को जल्द से जल्द पेपर जमा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आरटीओ ने पुराने पेपर जमा करने की तारीख को बढ़ाकर 23 मार्च कर दिया है। उसके बाद आरटीओ कार्यालय में पुराना पेपर जमा नहीं हो पाएगा। राजधानी में छोटे-बड़े ऑटो डीलर मिलाकर तकरीबन सौ के करीब हैं। ऑटो डीलरों द्वारा एक माह में करीब छह से सात हजार वाहन प्रति माह बेचे जा रहे हैं। ऑटो डीलरों द्वारा गाड़ी तो बेच दी जा रही है, लेकिन उसका पेपर आरटीओ कार्यालय नहीं भेजा जा रहा है। इसका उदाहरण है कि करीब आठ हजार ऐसी गाडिय़ां हैं, जिनका पेपर अभी तक आरटीओ कार्यालय नहीं पहुंचा है। इस कारण इन वाहनों का आरसी बुक नहीं बन पा रहा है। देश भर में बीएस 4 वाहन 31 मार्च तक ही बिकेंगे। उसके बाद इन गाडिय़ों की बिक्री पर रोक लग जाएगी। इससे वाहन लेने वाले को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
एक माह के अंदर मिलनी है आरसी बुक : वर्तमान में वाहन खरीदने के साथ ही वाहन का नंबर तत्काल देना है। उसके एक माह के भीतर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन करवाकर ग्राहक को आरसी बुक देना है। ऑटो डीलर ग्राहक को गाड़ी बेचने के बाद नंबर तो दे देते हैं। ऐसे में वाहन क्रेता नंबर मिलने पर समझता है कि उसको गाड़ी का पेपर भी मिल गया है, जबकि उनके पास गाड़ी की आरसी बुक नहीं रहती है।
31 के बाद नहीं होगा रजिस्ट्रेशन : एक अप्रैल से बीएस 04 वाहनों का पंजीयन बंद हो रहा है। ऐसे में नए बिक्री किए हुए वाहनों का पेपर 31 मार्च तक आरटीओ कार्यालय में पंजीयन हो पाएगा। यदि जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा उन्हें गाड़ी का कागजात नहीं मिल पाएगा। वर्तमान में जिन वाहन स्वामी के गाड़ी का रजिस्ट्रेशन किसी कारण बस नहीं हो पाया है वह आरटीओ कार्यालय में जाकर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराकर आरसी बुक प्राप्त कर सकते हैं।
पुराने पेपर को जमा करने की तारीख को 23 मार्च कर दिया गया है। उसके बाद पुराने पेपर नहीं जमा किए जाएंगे। पेपर जमा करने के लिए हिदायत दे दी गई है।
-शैलाभ साहू, आरटीओ, रायपुर
