
पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना के सभी संभावित लोगों को तेजी से टेस्ट सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नई रणनीति अमल में लाई जाएगी। इसके तहत सभी संभावितों का सैंपल उनके घर पहुंचकर लिया जाएगा। सैंपल कलेक्शन के लिए मोबाइल एम्बुलेंस में सभी सुविधाओं एवं आवश्यक सामग्री के साथ सैंपल कलेक्शन विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। यह निर्णय आज राज्य स्तरीय कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में लिया गया। सैंपल कलेक्शन की इस व्यवस्था से उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग तथा टेस्टिंग में तेजी आएगी।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव श्रीमती सिंह ने सैंपल कलेक्शन की इस नई व्यवस्था के संबंध में सभी कलेक्टरों को पत्र प्रेषित कर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। मोबाइल एम्बुलेंस संग्रहण के लिए संभावित मरीजों के घर के सामने पहुंचेंगी और उसमें मौजूद लैब टेक्नीशियन पीपीई किट, एन-95 मास्क एवं अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर एम्बुलेंस के पिछले हिस्से में एक-एक कर सभी कोरोना संभावितों का सैंपल कलेक्शन करेंगे। सचिव ने कहा कि प्रत्येक संभावित व्यक्ति का सैंपल कलेक्शन करते समय लैब टेक्नीशियन सिर्फ अपने हैण्डग्लब्स चेंज करेगा। पूरा पीपीई किट बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से एक दिन में ही कई घरों में जाकर संभावितों का सैंपल कलेक्शन किया जा सकेगा।
सचिव श्रीमती सिंह ने विभागीय अधिकारियों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रयासों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की अन्य सेवाओं का भी बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, गैरसंचारी एवं संचारी रोगों की रोकथाम तथा अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ लोगों को समुचित रूप से मिलना चाहिए। बैठक में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के ईलाज के लिए सभी जिला चिकित्सालयों में कोरोना आईसोलेशन वार्ड की स्थापना के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव श्रीमती सिंह ने कोरोना आईसोलेशन वार्ड को चिकित्सालयों के अन्य वार्डों से पर्याप्त दूरी एवं अलग रखने को कहा, ताकि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को इससे कोई परेशानी न हो। बैठक में माना रायपुर, मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव, मेडिकल कॉलेज जगदलपुर, अम्बिकापुर तथा बिलासपुर में कोविड अस्पताल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
एम्स से डिस्चार्ज हुर्ईं प्रदेश की
कोरोना संक्रमित युवती
प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित पहली मरीज को पूर्णत: स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस संक्रमित युवती का ईलाज एम्स रायपुर में चल रहा था। राज्य में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या सिमट कर पांच रह गई हैं। जिसमें से चार संक्रमितों का ईलाज एम्स हॉस्पिटल रायपुर तथा एक का मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में चल रहा है। एम्स में भर्ती कुल सात संक्रमित मरीजों में से तीन मरीज पूर्णत: स्वस्थ हो चुके है। इसी तरह बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज को गुरूवार को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे गई थी।
अब तक 1412 सैंपलों की जांच
छत्तीसगढ़ राज्य में अब तक कोरोना वायरस के कुल 1412 संभावित लोगों की पहचान कर सैंपल जांच किया गया है। अभी तक 1234 सैंपल जांच के परिणाम निगेटीव प्राप्त हुए है। 169 सैंपल की जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है।
राज्य में कोरोना संक्रमण के संभावितों की जांच के लिए मोबइल एम्बुलेंस के माध्यम से सैंपल कलेक्शन की नई रणनीति पर अमल शुरू किए जा रहा है। इसके तहत संभावितों को सैंपल कलेक्शन में तेजी आएगी और इससे संक्रमण को रोकने में मद्द मिलेगी। मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से सैंपल कलेक्शन के विस्तृत दिशा-निर्देश स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों एवं सीएमएचओ को जारी कर दिए गए है।
राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में कोविड-19 हॉस्पिटल की स्थापना का काम बहुत तेजी से कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने कोरोना वायरस से संक्रमित एवं संभावित लोगों को जांच एवं ईलाज में लगे स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आईसीएमआर की दिशा-निर्देश के अनुसार बचाव हेतु हैक्ट्रोक्शिन की औषधि उपलब्ध कराने के निर्देश संचालक चिकित्सा शिक्षा को दिए है।
अंबेडकर हॉस्पिटल बनेगा कोरोना अस्पताल, बाकी विभाग डीकेएस और जिला अस्पताल में होंगे शिफ्ट
कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए अंबेडकर अस्पताल को अब कोरोना अस्पताल बनाया जा रहा है। अस्पताल में अब केवल कोरोना पीडि़तों को ही भर्ती किया जाएगा। कैंसर और रेडियो डायग्नोसिस विभाग को छोड़कर सभी विभाग सरकारी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल डीकेएस और जिला अस्पताल पंडरी में शिफ्ट किए जाएंगे। पीडियाट्रिक यानी बच्चों का विभाग शांतिनगर के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। कोरोना का खतरा टलने तक इसी सिस्टम से मरीजों का इलाज किया जाएगा। सरकार ने मंदिरहसौद स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल को कोरोना के लिए अपग्रेड करने का प्लान बदल दिया है। उसी की जगह अंबेडकर अस्पताल को कोरोना मरीजों के लिए अधिकृत किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि ऑब्स एंड गायनी विभाग को जिला अस्पताल पंडरी में शिफ्ट किया जाएगा। पीडियाट्रिक विभाग के लिए निजी अस्पताल का चयन किया जा चुका है। बाकी विभाग और सारे मरीज डीकेएस में शिफ्ट कर दिए जाएंगे। अंबेडकर अस्पताल में कोरोना के हिसाब से रिनोवेशन का काम एक-दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। रिनोवेशन के बाद यहां के वार्डों को कोरोना के मरीजों के हिसाब से आइसोलेशन वार्ड में तब्दील किया जाएगा। अस्पताल में 700 से 800 बेड रहेंगे। अस्पताल में जरूरत के हिसाब से नए वेंटीलेटर व जरूरी मेडिकल उपकरण मंगाए जा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी को रिनोवेशन का जिम्मा सौंपा गया है। जब तक कोरोना के मरीज रहेंगे, तब तक बाकी विभाग डीकेएस, जिला अस्पताल में चलेगा और वहीं मरीजों का इलाज होगा।
