
पंचायत तंत्र – रायपुर । कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन के निर्देश पर कोरोना लॉग डाउन की स्थिति में आम लोगों को दो वक्त के भोजन के लिए परेशान ना होना पड़े, इसके लिए आपातकालीन खान-पान सेवा का स्पेशल सेल 24 घंटे अपनी सेवा दे रहा है। इस सेल के नोडल अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह ने मंदिर हसौद के एक स्कूली बच्चे द्वारा दूरभाष नंबर- 0771-4055574 पर दी गई सूचना पर तत्काल भोजन व राशन की व्यवस्था कराई। फूड सप्लाई सेल के दूरभाष पर 12वीं के स्कूली छात्र डोमेश साहू ने जानकारी दी थी कि मंदिर हसौद में अपने घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है और नजदीकी गांव से उसके माता-पिता लॉक डाउन की वजह से गांव नहीं ले जा पा रहे हैं। दूरभाष पर डोमेश ने बताया कि दो वक्त के भोजन तैयार करने के लिए उसे राशन की अति आवश्यकता है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सी.ई.ओ. डॉ. गौरव कुमार सिंह ने फूड सेल में नियुक्त इंस्पेक्टर अम्बरीश शर्मा को जि़म्मेदारी देते हुए मंदिर हसौद थाना प्रभारी को इस स्कूली छात्र से मिलकर सहायता के लिए कहा गया। थाना प्रभारी ने मंदिर हसौद के सरपंच के साथ मिलकर 10 मिनट में बच्चे से संपर्क कर राशन उपलब्ध कराया और डोमेश को निश्चिंत होकर परीक्षा की तैयारी के लिए कहा। सुविधा मुहैया कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई है, इसलिए किसी भी तरह की सहायता के लिए दूरभाष क्र.- 0771-4320202 या 0771-4055574 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

