
पंचायत तंत्र – रायपुर । अमेरिका में मादा बाघ की मौत और उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद देश में भी बाघों पर खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के सभी चिडिय़ाघरों को मंगलवार से सैनिटाइज किया जा रहा है। साथ ही मांसाहारी जानवारों पर खास नजर रखने और लक्षण दिखाई देने पर उनके टेस्ट कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसको लेकर सेंट्रल जू अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर स्थित जंगल सफारी, जू सफारी और बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी चिडिय़ाघर में सैनिटाइजेशन कराया गया है। रायपुर में सफारी के निदेशक की अगुवाई में पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया।
यह क्षेत्र करीब 320.15 हेक्टेयर है और करीब 300 जानवरों को रखा गया है। छत्तीसगढ़ में 19 बाघ हैं। प्रदेश के सभी जू को अलर्ट मोड पर रखा गया है। लक्षण दिखने पर ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजने के लिए कहा गया है।
35 करोड़ रुपये खर्च किए, फिर भी 46 से घटकर 19 रह गई संख्या : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित जंगल सफारी में वन्य जीवों को खुले में रखा गया है। ऐसे में एक बाघ विचरण करते हुए। एशिया की सबसे बड़े मानव निर्मित जंगल सफारी में मांसाहारी वन्यजीवों को सफाई के बाद ही मांस दिया जा रहा है। वन्यजीवों को खाना देने से पहले उसकी जांच सफारी के डॉक्टरों द्वारा की जा रही है। सफारी के कर्मचारी प्रोटेक्टिव ड्रेस पहनकर वन्य जीवों को मांस दे रहे हैं। वन्यजीवों की 24 घंटे निगरानी के लिए तीन शिफ्ट में डॉक्टर तैनात किए गए हैं। शाकाहारी वन्यजीवों को ज्यादातर खली और अनाज दिया जा रहा है।
वन्य जीवों के संरक्षण के नाम पर छत्तीसगढ़ वन विभाग ने 35 करोड़ की राशि खर्च कर दी है। हालांकि प्रदेश में बाघों के संरक्षण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसी के चलते बाघों की संख्या 46 से घट कर 19 तक आ गई है। वर्ष 2015-16 में 4.75 करोड़ा रुपए खर्च किए गए थे। जबकि 2016-17 में 10.63 करोड़ा, 2017-18 में 11.97 करोड़ और वर्ष 2018-19 में अब तक 7.36 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं।
जंगल सफारी में मंगलवार को एहतियात के तौर पर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव नगर निगम की टीम द्वारा किया है।
एम. मर्शीवेला, डीएफओ, जंगल सफारी
