
पंचायत तंत्र – रायपुर । राज्य के हर व्यक्ति के मन में यही सवाल है कि लॉकडाउन 14 अप्रैल के बाद खत्म होगा या नहीं। इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की सरकार लॉकडाउन को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का इंतजार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जानकारी देंगे। इसके बाद 12 अप्रैल को राज्य सरकार भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश के मंत्रियों और अफसरों से सलाह लेगी। 12 या 13 अप्रैल को लॉकडाउन को लेकर आगे की क्या रणनीति होगी, इसकी जानकारी सरकार आम लोगों से साझा कर सकती है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को देशभर के पत्रकारों से वीडियो कॉन्फ्रेंस चर्चा के दौरान यह जानकारी दी ।
केंद्र सरकार वक्त रहते कदम उठाती तो बिगड़ते नहीं हालात
पत्रकारों ने पूछा कि देश में कोरोना के बढ़े संक्रमण को लेकर किसे जवाबदार मानते हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रोकना राज्य सरकार का काम तो है नहीं। यह केंद्र सरकार का काम है। समय रहते पाबंदियां लगाई गईं होती तो यह बीमारी न बढ़ती। मुख्यमंत्री ने माना कि कहीं ना कहीं केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट में होने वाली जांचों को सही तरीके से नहीं किया या आने वाले लोगों पर सही नियंत्रण नहीं रखा गया। छत्तीसगढ़ में अब तक 3 हजार लोगों के टेस्ट किए गए हैं ।
राज्य में 76 हजार लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया : छत्तीसगढ़ सरकार कोरोना का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेष बघेल ने बताया कि राज्य में 76 हजार लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया है। सरकार ने इस संकट से निपटने के लिएदो अहम फैसले लिए हैं। पहला यह कि सरकार खनिज के 506 करोड़ रुपए फंड से मेडिकल उपकरण खरीदेगी। दूसरा- राज्य में उन लोगों को भी सरकार की ओर से अनाज दिया जाएगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं।
लॉकडाउन के पालन में नहीं बरतें शिथिलता, पुलिस अधीक्षक स्वयं करें पेट्रोलिंग: डीजीपी
डीजीपी डीएम अवस्थी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा है कि कुछ बड़े शहरों में दोपहर 12 बजे तक अधिक संख्या में लोगों की आवाजाही हो रही है, जिस पर तत्काल नियंत्रण करना सुनिश्चित करें। ये ध्यान रखें कि लगातार चल रहे लॉकडाउन के कारण कहीं पर भी शिथिलता ना बरती जाए। लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वयं पेट्रोलिंग करें। इसके साथ ही अधीनस्थों को फिक्स पिकेट के माध्यम से पालन कराने के लिए सुनिश्चित करें ।
भूपेश बघेल ने पुलिस के जवानों से कहा, कोरोना को हराने की जिम्मेदारी आपके कंधो पर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस के जवानों की जमकर तारीफ की और उन्होंने जवानों से टेलीफोन पर चर्चा कर कहा कि कोरोना को हराने की महत्वपूर्ण जिमेदारी आपके कंधो पर है। उन्होंने पुलिस वालों को हो रही कठिनाई के बारे मे भी जानकारी ली। भूपेश बघेल ने जवानों से पूछा उन्हें पर्याप्त सुविधएं मिल रही है या नहीं। बघेल ने पुलिसकर्मियों से कहा कि आपका कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। अगर आपने अपनी जिम्मेदारी का अच्छे से निर्वहन किया, तो फिर हम जरूर कोरोना को हरा पाएंगे। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। याद रखिए इससे महत्वपूर्ण कोई चुनौती नहीं है, आप मानवता की सेवा में पहली पंक्ति में खड़े हैं, आपका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अपने कर्तव्य के निर्वहन के दौरान आप लोग सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोविड-19 से बचाव के सभी उपायों का कड़ाई से पालन करें। मुख्यमंत्री ने रायपुर के निकट निमोरा में बनाए गए कॉरेन्टीन सेंटर में ड्यूटी दे रहे एसआई युधिष्ठिर धु्रव, बिलासपुर के हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह, दुर्ग के सुपेला में डयूटी दे रही महिला आरक्षक यास्मीन खान, दंतेवाड़ा की एसआई सुनीता साहू और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्यूटी दे रहे एएसआई पुष्पराज सिंह से बड़ी आत्मीयता से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। सुपेला भिलाई में ड्यूटी दे रही महिला आरक्षक यासमीन खान से मुख्यमंत्री ने पूछा कि लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्यवाही करते हैं ।
यास्मीन खान ने बताया कि उन्हें समझाने का प्रयास करते हैं, पूछते हैं यदि कोई जरूरी काम हो तभी आगे जाएं, नहीं तो वापस अपने घर पर जाएं। उन्होंने बताया कि वह घर से ड्यूटी पर आती जाती हैं। बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाने में पदस्थ पुष्पराज सिंह धनबाद बॉर्डर पर ड्यूटी दे रहे हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि बॉर्डर पर तीन टीमें लगी हैं, जिनमें से एक डॉक्टरों की टीम है, एक राजस्व अधिकारियों की टीम और एक वन विभाग के अधिकारियों की टीम है। उन्होंने बताया कि लॉक डाउन का पूरी तरह पालन किया जा रहा है और वे लोग 3 शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे हैं। दंतेवाड़ा के कोतवाली थाने में पदस्थ एएसआई सुनीता साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह पेट्रोलिंग पार्टी में ड्यूटी दे रही हैं, जगह-जगह बैरिकेट्स लगाए गए हैं। लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों को समझाइश देकर वापस भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि भोजन की यहां अच्छी व्यवस्था है, ड्यूटी दे रहे लोगों के लिए पानी और ग्लूकोस की व्यवस्था भी की गई है।
