
पंचायत तंत्र – रायपुर । पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य मंत्री टीएव सिंहदेव से कोरोना संकट, प्रदेश के स्वास्थ्य सुविधाओं और समस्याओं को लेकर फोन पर चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव उन्हें दिए ।
बृजमोहन ने उनसे कहा कि रायपुर के मेकाहारा को कोरोना का सेंटर न बनाकर अन्य बिमारियों जैसे, कैंसर, हृदय रोग, किडनी, अस्थि रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज आरक्षित रखना चाहिए। क्योंकि मेकाहारा प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल हैं, इन्ही तकलीफों को लेकर लोग यहा पहुंचते है। उन्होंने रिम्स या अन्य किसी अस्पताल को कोरोना सेंटर बनाये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में चिकित्सकों के पास पीपीई किट व सुरक्षा के जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराये ताकि निर्भीकता के साथ वे मरीजों का इलाज कर सके। कोरोना को लेकर बृजमोहन ने कहा कि कोरोनटाइन मरीजों की संख्या ज्यादा है पर टेस्ट अभी तक लगभग कढाई हजार लोगों के ही हुए है जो कि काफी कम है। ज्यादा से ज्यादा लोगों के टेस्ट किये जाने की आवश्यकता है ताकि एक निश्चिन्तता का माहौल प्रदेश में बन सके। श्री अग्रवाल के सुझाव पर सिंहदेव ने सहमति जताई तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र किये जाने की बात कही।
एक और कोरोना संक्रमित हुआ स्वस्थ : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को फिर एक राहत भरी खबर मिली। कोरोना संक्रमित किशोर के स्वस्थ हो जाने पर एम्स रायपुर प्रबंधन ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर लोगों को यह जानकारी दी। अब उसे 14 दिन आइसोलेशन में रखा जाएगा। यह वही किशोर है जो कोरबा के हॉट स्पॉट कटघोरा की मस्जिद में 16 जमातियों के साथ मिला था। जमातियों से सबसे पहले चार अप्रैल को इसके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर एम्स में भर्ती कराया गया था।
छत्तीसगढ़ में 3473 की सैम्पलिंग, अब 9 पॉजिटिव : छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग राज्य सर्विलेंस इकाई की ओर से कोरोना वायरस की प्रदेश में 10 अप्रैल की स्थिति पर मेडिकल बुलेटिन जारी की गई है। प्रदेश में अब 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज है, जिसका इलाज जारी है। शाम 5 बजे तक की स्थिति में छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के कुल 3322 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर सैम्पल जांच की गई है। 3054 सैम्पल के परिणाम निगेटिव परिणाम हैं। 133 सैम्पल की जांच की जा रही है। प्रदेश में अब 9 एक्टिव केस हैं।
रायपुर मेडिकल कॉलेज को कोरोना जांच की अनुमति : कोरोना जांच को लेकर राजधानी रायपुर से एक अच्छी खबर है कि केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के पत्र को स्वीकार करते हुए राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कोरोना जांच की अनुमति दे दी है. दरअसल, केंद्र सरकार ने जांच की अनुमति के लिए एम्स के डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित कर रायपुर मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए मौजूदा साधन-संसाधन और सुविधाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए थे. बता दें, रायपुर मेडिकल कॉलेज को केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कोरोना जांच की अनुमति दी है ।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंडित जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी डिपार्टमेंट में सोमवार से शुरू की जाएगी, जो कोविड-19 के फैलाव को रोकने में अहम भूमिका निभाएगी. मंत्री ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में बल्क में मरीज मिले हैं जो आने वाले समय में बड़े खतरे की ओर इशारा कर रहे हैं, हमें इसके प्रति और सजग होना होगा और अधिक जागरूक होना होगा ।
कटघोरा पहुंचे 7 लैब टेक्नीशियन,
एक दिन में लिए 192 सैम्पल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद कटघोरा में कोरोना के संदिग्ध मरीजों और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगो की सैम्पिलिंग तेज कर दी गई है। शुक्रवार को लगभग 192 लोगों के सैम्पल लिए गए,जिन्हें जांच के लिए रायपुर के एम्स भेजा गया है। कलेक्टर किरण कौशल ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के साथ पैदल ही पूरे इलाके का दो बार दौरा करके स्थिति का जायजा लिया।कलेक्टर ने कटघोरा में सीएम के निर्देश पर स्पेशल नियंत्रण कक्ष (वार रूम) कटघोरा में स्थापित कर लिया गया है। जिला स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई है। कलेक्टर कौशल ने स्वंय मोर्चा संभाल लगातार स्थिति और किए जा रहे कार्यो की समीक्षा कर रही है। जिला प्रशासन ने कटघोरा में कोरोना संक्रमित पाए गए 9 लोगो के संपर्क में आए लगभग 200 लोगो की पहचान कर ली है। इनमें कुछ अंतर जिले के रहवासी भी है जिनकी जानकारी संबंधित जिलाधिकारी को भिजवा दी गई है। कलेक्टर ने जांजगीर-चांपा, पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग सहित सूरजपुर जिले के जिलाधिकारियों को कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लगभग 10 लोगों की जानकारी भेजी गई है।सैम्पलिंग का दायरा बढऩे से जिले में बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर व कोरिया से सात लैब टेक्निशियनों की टीम बुलाई गई है।सीएमएचओ डॉ. बीबी बोर्डे के मुताबिक प्राथमिकता के आधार पर कटघोरा नगर पालिका के वार्ड 10 व 11 के सीधे कॉटेक्ट में आये लोगों के सैम्पल लिए जा रहे है।
