
पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी रायपुर में लॉकडाउन का लगातार हो रहे उल्लंघन को देखकर शुक्रवार को कलेक्टर, एसएसपी फिर सड़क पर उतरे। करीब चार घंटे तक आधे शहर में पुलिस बल के साथ अफसरों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सड़क पर बेवजह घूमने वाले दोपहिया सवार, पैदल चलने वाले लोगों को उठक-बैठक कराया। घरों में रहने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ा गया। कटघोरा में कोरोना के सात नए मरीज मिलने के बाद रायपुर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मूड में आ गया है। शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाके में एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर
दी गई।
चौक-चौराहों पर बैरिकेड लगाकर तैनात पुलिस आने-जाने वालों से दिन भर पूछताछ करती रही। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती गई। उन्हें चेतावनी दी गई कि बेवजह घूमने पर गैर जमानती धारा के तहत कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, एसएसपी आरिफ शेख, एसडीएम, एडीएम, एएसपी, सीएसपी और कई पुलिस थाना प्रभारी समेत पुलिस बल ने सुबह 11बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के आधे हिस्से में फ्लैग मार्च किया। जय स्तंभ चौक स्थित मल्टी स्टोरी पार्किंग से शुरू हुआ फ्लैग मार्च मालवीय रोड, गोलबाजार, कोतवाली, आजाद चौक, टिकरापारा, संतोषी नगर, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा होते हुए खम्हारडीह की तरफ निकला। एडिशनल एसपी सिटी पंकज चंद्राकर ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शहर में एक बार फिर से कड़ाई शुरू कर दी गई है। फ्लैग मार्च के दौरान दर्जनों दोपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। आगे भी सख्ती जारी रहेगी। बेवजह घूमने वालों को चिन्हांकित किया जा रहा है। पहले समझा कर छोड़ा जा रहा है। दोबारा पकड़े जाने पर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यहां दिन भर सख्ती
जय स्तंभ चौक, कोतवाली चौक, कालीबाड़ी चौक, टिकरापारा चौक, संतोषी नगर चौक, शास्त्री चौक, देवेंद्र नगर चौक, फाफाडीह चौक, स्टेशन चौक, तेलीबांधा चौक समेत अन्य चौक-चौराहों पर पुलिस की टीम बैरिकेड लगाकर आने-जाने वाले लोगों को रोक-रोक कर पूछताछ करती रही। इस दौरान सामान लेने के लिए निकले एक ही परिवार के दो से तीन लोगों को पुलिस ने रोका और फटकार लगाकर वापस घर भेजा।
साइंस कालेज मैदान में लग रहे सब्जी बाजार में जिस तरह से लोगों की भीड़ लग रही है, उससे शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा है। शहर के मुख्य स्थानों पर सब्जी बाजार लगवाने के बारे में विचार किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों से इस बारे में बात कर फैसला लिया जाएगा।
