
पंचायत तंत्र – रायपुर । भारतीय संविधान के निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती पर छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर स्थित सेन्ट्रल हॉल में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव चन्द्रशेखर गंगराड़े और सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे । विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर भारत गणराज्य और स्वतंत्र भारत के संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे. उन्होंने कई आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिसका उद्देश्य देश के दलित सदस्यों पर अत्याचारों के खिलाफ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सुशिक्षित करना था. उन्होंने लोगों को इन भेदभावों के खिलाफ लड़ने के लिए सदैव प्रेरित किया. वे हमारे देश के प्रसिद्ध राजनेता, शिल्पकार, समाज सुधारक, अर्थशास्त्री और कानूनविद थे. वे स्वतंत्र भारत के पहले कानून मंत्री थे ।
उन्होंने कहा कि भारत में सामाजिक भेदभाव और जातिवाद को जड़ से मिटाने के अभियान के लिए उन्होंने पूरे जीवन भर संघर्ष किया. उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण देश की जनता ने पूरे विश्वास के साथ उनका अनुसरण किया और अभी भी देश के लोग उन्हें एक प्रेरणा पुरूष के रूप में याद करते हैं ।
