
पंचायत तंत्र- रायपुर । शहर के फूल चौक में एक निजी होटल और उसके आसपास के इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है। दरअसल एम्स का एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला,जिसके बाद से ही एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। पुलिस ने क्षेत्र को अपनी निगरानी में ले लिया है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है। गौरतलब है कि 15 अप्रैल के बाद एम्स के कुछ कर्मचारी रुके हुए थे, इनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। इसे सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा बाकी लोगो की जांच की जा रही है। वहीं आसपास के एरिया को सील कर दिया गया है,जिससे आधे किलोमीटर के दायरे में कोई आना-जाना न करे। कोरोना वारियर्स को ठहरने के लिए प्रबंधन ने अपना होटल अस्पताल प्रबंधन को दे दिया था। तीन में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वहीं दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। होटल के कर्मचारियों सहित आस पास को सैनिटाइज किया जा रहा है।
एम्स के 32 और होटल के 20 कर्मी कमरों में लॉक : होटल के क्वारेंटाइन सेंटर में एम्स के नर्सिंग स्टाफ में कोरोना वायरस मिलने के बाद वहां के 20 कर्मचारियों के साथ 52 पैरामेडिकल कर्मियों को कमरों में लॉक कर दिया गया है। सभी के स्वाब का सैंपल जांच के लिए भेज भी दिया गया है। होटल कर्मियों के अलावा पॉजिटिव मरीज की बैच में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को क्वारेंटाइन कर नए सिरे से उनका सैंपल लिया गया है। एम्स के डाक्टरों ने बताया कि 10 दिन की ड्यूटी के बाद क्वारेंटाइन करने के पहले पॉजिटिव मरीजों के इलाज में शामिल डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल व स्वीपर के स्वाब के सैंपल लेकर उन्हें क्वारेंटइन किया जाता है। इस रूटीन प्रक्रिया में ही नर्सिंग स्टाफ को कोरोना की पुष्टि हुई। राज्य में कोरोना का पहला केस मिलने के बाद एम्स या दूसरे सरकारी अस्पताल अब तक एक भी स्टाफ पॉजीटिव नहीं मिला था। एम्स प्रबंधन ने अपने स्टाफ के लिए पूरे शहर में चार क्वारेंटाइन सेंटर बनाए हैं। इनमें तीन होटलें और एक नर्सिंग हॉस्टल है। इनमें डॉक्टरों से लेकर नर्सिंग, पैरामेडिकल स्टाफ को रखा जाता है। होटलों में कंसल्टेंट डॉक्टर, सीनियर व जूनियर रेसीडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टॉफ को रखा जाता है। नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में सफाई कर्मचारियों को क्वारेंटाइन किया जाता है। एम्स में एक सप्ताह से लेकर 10-10 दिनों की ड्यूटी लगायी जा रही है। ड्यूटी का शेड्यूल खत्म होने के बाद सभी को 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन किया जाता है। क्वारेंटाइन के पहले उनके स्वाब का सैंपल लिया जाता है। एम्स के अधिकारियों ने बताया कि ड्यूटी व क्वारेंटाइन के दौरान प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। एक कमरे में एक ही स्टाफ को रखा जाता है। नाश्ते से लेकर भोजन तक कमरे में पहुंचाया जाता है। होटल के वेटर कमरे में एंट्री नहीं करते। बाहर से ही भोजन व नाश्ते की प्लेट रखकर वहां से हट जाते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बनाए चार क्वारेंटाइन सेंटर : स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर में चार क्वारेंटाइन सेंटर बनाए हैं। इसमें 3 होटल व एक सरकारी भवन निमोरा में है। वहां उन स्टाफ को रखा जाता है, जो माना स्थित कोरोना अस्पताल में ड्यूटी कर रहे हैं। नेहरू मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में काम करने वाले स्टाफ को कॉलेज में ही क्वारेंटाइन किया जाता है। इसके अलावा वन विभाग की प्रयोगशाला और जोरा स्थित रेस्ट हाउस वनश्री को भी क्वारेंटाइन सेंटर के तौर पर रिजर्व रखा गया है। जरूरत पडऩे पर यहां भी संदिग्ध रखे जा सकेंगे। प्रदेश के 139 क्वारेंटाइन सेंटरों में अभी 531 लोगों को रखा गया हैं। जबकि 29758 लोग होम क्वारेंटाइन में है।
