
पंचायत तंत्र- रायपुर। लॉकडाउन में बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों को अब ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ट्रैफिक पुलिस की जगह अब नगर निगम के अधिकारी दो पहिया वाहनों की चालानी कार्रवाई कर रहे है. बाइक में एक से अधिक सवारी होने पर 200 रुपए के चालान की वसूली की जा रही है. कलेक्टर एस भारती दासन के मौखिक के आदेश के बाद निगम ज्यादा सख्त हो गई है. मामला राजधानी रायपुर का है ।
इस मामले में निगम के अधिकारी धनसिंह राजपूत ने बताया कि सीएम और कमिश्नर का आदेश हुआ है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए राजधानी वासियों से सोशल डिस्टनसिंग का पालन करवाया जाए और लोग आपस में फिजिकल दूरी बनाए रखे. इसका पालन नहीं करने वालों को चालानी कार्रवाई कर समझाइश दी गई है. बिना मास्क के घूम रहे लोगों का भी चालान काटा जा रहा है ।
नगर निगम जोन क्रमांक 7 के विनय कुमार सोनी ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर 200 रुपए और मास्क नहीं पहनने पर 100 रुपए वसूलने का रेट निर्धारित किया गया है. इसका पालन नहीं करने पर चालान वसूला जा रहा है ।
हालांकि वाहनों के चालाना काटे जाने की वजह से जरूरी काम से बाहर निकलने वालों की परेशानी बढ़ गई है. क्योंकि कुछ सामान ऐसे भी होते हैं जिन्हें अकेले खरीदकर लाना संभव नहीं होता है. ऐसे में इस चालानी कार्रवाई की चपेट में वो लोग भी आ रहे हैं ।
