
पंचायत तंत्र- रायपुर । प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। व्यवस्था को देखते हुए अस्पतालों में बिस्तर बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई। जिला स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 100 बिस्तरों के माना शासकीय कोविड-19 अस्पताल कोरोना मरीजों के भरने के बाद लालपुर के क्षेत्रीय कुष्ठ प्रशिक्षण सेंटर में आनन-फानन में 70 बिस्तरों का नया कोविड-19 वार्ड तैयार करना पड़ा। लेकिन जिस तरह से स्थिति बनती जा रही है, यह बिस्तर भी जल्द भर जाने की बात की जा रही है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग कोरोना के मरीजों के लिए जगह की तलाश कर रहा है।
इधर अस्पताल में 500 बिस्तरों वाले कोविड-19 वार्ड बनाने की तैयारी चल रही है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार आंबेडकर अस्पताल में मेडिसिन विभाग में चार वार्ड, गायनिक के चार, आर्थोपेडिक के दो और सर्जरी के दो सामान्य वार्ड जिला अस्पताल में शिफ्ट होने के बाद कोरोना मरीजों की भर्ती यहां की जा सकेगी, लेकिन तैयारी यहां भी अधूरा ही है। अस्पताल में 80 बिस्तरों के पुराने आइसीयू को भी तैयार नहीं किया गया है। सिर्फ 35 बिस्तरों का आइसोलेशन वार्ड ही है। इधर एम्स की आयुष बिल्डिंग में बने कोरोना वार्ड में 84 बिस्तर भर जाने के बाद मरीजों के लिए तीन वार्ड में 72 बिस्तर तैयार किया गया।
आयुर्वेदिक कॉलेज को भी बनाएंगे कोरोना वार्ड
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि माना अस्पताल भरने के बाद अब लालपुर अस्पताल में मरीजों को रखा जा रहा है। इसके भरने की स्थिति में आंबेडकर अस्पताल को तो जल्द तैयार कराई जा रही है। लेकिन आयुर्वेदिक कॉलेज में बने 50 बिस्तरों के पीलिया मरीजों वार्ड में भी आने वाले समय में कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित किया जा सकता है। यहां अभी सात पीलिया मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा जिला स्वास्थ्य विभाग अन्य शहर में कोविड-19 वार्ड तैयार करने के लिए जगह की तलाश कर रहा है।
100 बिस्तरों का माना कोविड-19 अस्पताल भरने के बाद लालपुर में 70 बिस्तरों का वार्ड तैयार किया गया है। हमारी प्लानिंग यहां 100 बिस्तर तैयार करने की थी, लेकिन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अभी 70 बिस्तर ही है। यहां संक्रमित मरीजों को रखा जा रहा है।
डॉ. मीरा बघेल, सीएमएचओ, जिला-रायपुर
