
पंचायत तंत्र – रायपुर । बूढ़ातालाब के सौंदर्यीकरण की आड़ पर सप्रे शाला के मैदान को छोटा करने का विवाद बड़ा होता जा रहा है। सप्रे शाला मैदान को बचाने के लिए लोग सड़क पर उतर आए हैं। गुरुवार को मैं भी एक याचिकाकर्ता मुहिम के तहत लोगों ने निर्माण कार्य के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया।
पहले दिन 500 से ज्यादा लोगों ने निगम के कार्य की निंदा की और हस्ताक्षर कर विरोध का समर्थन किया। इधर, बूढ़ापारा के रहवासी डॉ. अजीत आनंद डेग्वेकर, दीपक शर्मा, भूपेंद्र डागा ने हाई कोर्ट में दरवाजा खटखटाया है। हालांकि यहां डबल बेंच नहीं लगने के कारण गुरुवार को भी याचिका स्वीकार नहीं हो पाई। रहवासी नगर निगम और स्मार्ट सिटी को पार्टी बना रहे हैं। नगर निगम ने सप्रे शाला में रात में काम तेज कर दिया है। खोदाई कर लोहे की जाली लगवा दी गई है।
ड्राइंग डिजाइन अधूरी, विवाद के बाद रोका 15 करोड़ का काम : नगर निगम और स्मार्ट सिटी ने जन आक्रोश और हाई कोर्ट तक मामला ले जाने की पहल को भांपते हुए करीब 15 करोड़ रुपये के इस काम रोक दिया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के मुताबिक लक्ष्मण झूला के साथ एक अन्य ड्राइंग डिजाइन है। यदि इसका विरोध होगा तो दूसरे डिजाइन पर काम किया जाएगा। बताया जाता है कि बूढ़ातालाब कोकुछ साल पहले पर्यटन विभाग के हवाले किया गया था। पर्यटन विभाग ने तालाब के रखरखाव की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को अनुबंध के तहत दी थी। 30 साल की लीज पर कंपनी को यह तालाब सौंपा गया था। लीज की अवधि खत्म हो गई है पर अभी कानूनी उलझने हैं। इसके बाद भी निगम और स्मार्ट सिटी ने जल्दबाजी में काम शुरू करा दिया।
डिजाइन को सार्वजनिक करने की मांग :सांसद सुनील सोनी के बाद अब रहवासियों ने भी यहां के निर्माण कार्य की ड्राइंग डिजाइन को सार्वजनिक करने की मांग की है। नागरिक संगठनों के एक प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में स्मार्ट सिटी के एमडी और महापौर एजाज ढेबर से भी मुलाकात कर यह मांग की। डॉ. आनंद डेग्वेकर, धर्मराज महापात्र, निश्चय वाजपेई, विश्वजीत मित्रा, राजू कदम, दीपक शर्मा,
चंद्रशेखर गायकवाड़, रामगोपाल व्यास, शाहिद भाई, रामगोपाल व्यास, मुरली शर्मा, लोखंडे जी, कमलेश नौजवानी, उपकेंद्र ठुकरा सहित अन्य के एक प्रतिनिधि मंडल ने योजना पर संशय को दूर करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने इसे सार्वजनिक रूप से जनता के मध्य विभिन्न माध्यमों से प्रकाशित करने के साथ ही जनता से भी सुझाव आमंत्रित कर उसके अनुरूप कदम उठाने और तब तक वर्तमान में चल रहे कार्यों पर रोक लगाने का सुझाव दिया।
स्कूल की छात्राओं ने खोला मोर्चा : जेआर दानी स्कूल की छात्राओं ने भी अब सोशल मीडिया के माध्यम से विरोध शुरू कर दिया है। यहां से पास आउट छात्राएं भी विरोध कर रही हैं। लॉकडाउन की वजह से स्कूल बंद है। छात्राएं बड़े विरोध की तैयारी कर रही हैं।
विरोध करने वालों से करेंगे चर्चा
बूढ़ातालाब परिसर में एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) ने यदि लक्ष्मण झूला पर आपत्ति नहीं की तो हम लक्ष्मण झूला बनाएंगे। यदि आपत्ति हुई तो दूसरी ड्राइंग डिजाइन के अनुसार निर्माण कार्य होगा। जो विरोध कर रहे हैं उनसे हम चर्चा कर रहे हैं। परेशानी है तो सामने आकर लोग बात करें।
एजाज ढेबर, महापौर , नगर निगम
