
पंचायत तंत्र- रायपुर । विधायक विकास उपाध्याय ने बुधवार को निगम कमिश्नर सौरभ कुमार को डैमेज पाइप लाइन सुधारते को लेकर चेतावनी दी थी, कि 24 घंटे के भीतर पाइन लाइन सुधरनी चाहिए. जिस पर कमिश्नर ने रात तक पाइप जोड़ देने का आश्वासन दिया था. लेकिन इसका कोई असर देखने को नहीं मिला है. न पाइप लाइन सुधरी न ही महिलाओं का थाने में जाकर पानी भरना बंद हुआ ।
गुढ़ियारी क्षेत्र में आज दूसरे दिन भी निगम का पानी सप्लाई नहीं हुआ. जिससे यहां के रहवासी पानी के दर-दर भटक रहे हैं. महिलाएं आज फिर गुढ़ियारी थाने पहुंचकर पानी भरती नजर आई. महिलाओं का कहना है कि आज भी काफी पानी की समस्या हो रही है. आधा से ज्यादा समय पानी भरने में गुजर जाता है. यहां काफी लोग थाने में पानी भरने आ रहे है. जिससे रोजमर्रा का काम भी प्रभावित हो रहा है ।
इस संबंध में जब हमने निगम कमिश्नर सौरभ कुमार से फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया. इस मामले विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि वे सुबह 5 बजे से यहां पर मौजूद है और स्थिति का जायजा ले रहे है. अच्छे से पाइप लाइन का सुधार हो जाए, जिससे आने वाले समय में पानी की समस्या न हो. आज शाम तक पाइप लाइन बनने की उम्मीद है और उसके बाद से लोगों को पानी मिलने लगेगा ।
महापौर अजाज ढेबर भी मौके पर जायजा लेने पहुंचे, जहां उन्होंने निगम के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त हुई 500 एमएम व्यास वाली डीआई पाइप लाइन को जल्द से जल्द सुधार करने के निर्देश दिए है ।
बता दें कि पाइप डैमेज होने की वजह से गुढियारी रामनगर, कलिंग नगर, शुक्रवारी बाजार, गोकूलनगर, भरत नगर, गोपाल नगर, सुदामा नगर, भवानी नगर समेत कई इलाके में पेयजल की भारी किल्लत पैदा हो गई है. निगम द्वारा संबंधित प्रभावित क्षेत्र में पेयजल टैंकरों से नागरिकों को जलप्रदाय कार्य किया जा रहा है ।
