
panchayattantra24 रायपुर. छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की बकाया अंतर राशि के भुगतान की मांग को लेकर किसान एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं. प्रदेश किसान संघ ने दावा किया है कि सरकार पर किसानों का 6,066 करोड़ रुपये बकाया है. इसके भुगतान की मांग को लेकर 26 अक्टूबर से दाम सत्याग्रह शुरू किया जाएगा. इसके तहत किसान भुगतान यात्रा निकालेंगे और जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे. संघ ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 की धान की अंतर राशि का तत्काल भुगतान करने, धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त के 1,700 करोड़ रुपये जारी करने और किसानों को MSP की गारंटी देने के लिए कानून बनाने की मांग की है. संघ का कहना है कि सरकार की ओर से घोषित योजनाओं की राशि समय पर नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है.