panchayattantra24.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा दो हाईवा एवं चार ट्रैक्टर सहित कुल छह वाहन जब्त किए गए हैं। खनिज विभाग को गिट्टी से भरे ओवरलोड हाईवा वाहनों के परिवहन की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। विभाग द्वारा शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए गिट्टी से भरे दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। इसी क्रम में ग्राम सीलपहरी में रेत का अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर, पीपरडोल में रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा सारबहरा में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को पुलिस लाइन अमरपुर तथा मरवाही एवं गौरेला के संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षार्थ रखा गया है। सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित अर्थदण्ड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के उपरांत वाहनों को नियमानुसार मुक्त किया जाएगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सतत निगरानी रखते हुए कार्रवाई जारी रखने को कहा है। इस कार्रवाई में खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनि सिपाही शिवकुमार लहरे एवं नगर सैनिक छवि ओट्टी शामिल रहे। खनिज विभाग द्वारा जिले में इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
