
पंचायत तंत्र 24.com,रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच कोरोना संकट पर बैठक शुरू हो गई है. इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं. सबसे पहले अमित शाह अपनी बात रखेंगे, जिसके बाद सभी राज्यों के मुख्यमंत्री बात करेंगे. अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पहली बैठक में कुल आठ राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. जिनमें केरल, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ शामिल हैं ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां अपने निवास कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित मुख्यमंत्रियों की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव आर.पी.मण्डल, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव रेणू पिल्ले, पुलिस महानिदेशक डी. एम. अवस्थी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेज़ी देखने को मिल रही है. इस बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अहम बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधे संवाद करेंगे, जिसमें कुछ राज्यों में बढ़ते कोरोना के मामलों पर बात होगी. इसके अलावा सभी राज्यों के साथ कोरोना वैक्सीन के वितरण की नीति पर भी बात होगी. पिछले कुछ दिनों में वैक्सीन को लेकर दुनियाभर से सकारात्मक खबरें आई हैं, ऐसे में आज होने वाली बैठक पर हर किसी की नज़रें हैं. दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन मैन्युफैक्चर में से एक सीरम इंस्टीट्यूट का कहना है कि वैक्सीन बनने के बाद सबसे पहले भारत की आपूर्ति को ही पूरा किया जाएगा. सीरम इंस्टीट्यूट के आदर पूनावाला ने कहा कि भारत के बाद अन्य देशों की जरूरत पूरी की जाएंगी. सीरम इंस्टीट्यूट ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर AstraZeneca पर काम कर रहा है और भारत में उसका पार्टनर है ।
