
panchayattantra24.com, रायपुर। धमतरी नगर निगम ने अभियान चलाकर सोमवार चार जनवरी को बेसहारा मवेशियों की धरपकड़ की। लंबे समय बाद मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि इसी तरह लगातार मवेशियों की धरपकड़ की जाए। श्री विंध्यवासिनी वार्ड में नगर निगम की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हिंसक हो चुके सांड को पकड़ा । इससे लोगों को राहत मिली है।
विंध्यवासिनी वार्ड के गीतम कुमार साहू, बुधराम साहू, केवल नेताम ने बताया कि कारगिल चौक के पास लगभग पखवाड़े भर से एक सांड कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहा था। नगर निगम को सूचना दी गई थी अब जाकर निगम की टीम ने सांड को पकड़ा है। इसी वार्ड के दौवाराम बनपेला ने बताया कि मवेशी धरपकड़ अभियान में ब्रेक लगने की वजह से सड़कों पर आवारा मवेशी दिखाई पड़ते हैं।
आस-पास के गांव के लोग भी अपने मवेशियों को शहर में छोड़ जाते हैं, इससे भी परेशानी बढ़ जाती है। जिस हिसाब से नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर मवेशियों की धरपकड़ की जाती है, उस हिसाब से शहर में मवेशी नहीं दिखना चाहिए, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से सड़क में मवेशी नजर आ जाते हैं। चार जनवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग में अंबेडकर चौक से लेकर रत्नाबांधा चौक, पुराना बस स्टैंड, सिंहावा चौक से होते हुए अर्जुनी मोड़ तक सड़क में घूम रहे मवेशियों को पकड़ा गया।
काऊ कैचर वाहन को साथ लेकर नगर निगम अमला चल रहा था। निगम आयुक्त आशीष टिकरिहा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बेहतर बनाने के लिए सभी की सहभागिता की आवश्यक है। आवारा मवेशियों की धरपकड़ लगातार की जाएगी। इससे वाहन दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। पकड़े गए जानवरों को अर्जुनी के कांजी हाउस में रखा जा रहा है। यदि किसी स्थान पर लगातार मवेशियों का झुंड नजर आ रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम में दें।
मवेशी मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि शहर के भीतर यहां वहां बैठे जानवरों के कारण लोगों को हमेशा परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहरवासियों की इस परेशानी को लेकर लोगों द्वारा जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाता है। कार्रवाई के दौरान धरपकड़ अभियान के प्रभारी हेमंत नेताम, सदस्य श्यामू सोना, बंसी दीप, कुश नायक, यातायात विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।
