
panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों में ICU बेड की संख्या बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है. सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई पाइपलाइन की सुविधा वाले स्थानों को चिन्हांकित करने के लिए निर्देशित किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के CMHO और सिविल सर्जन्स को परिपत्र जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों के आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने चिकित्सालय भवन में ऐसे स्थानों या वार्डों के चिन्हांकन के निर्देश दिए हैं. जहां पर सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है।
ऑक्सीजन सुविधा वाले बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई
संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़ ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को परिपत्र जारी कर इस संबंध में निर्देशित किया है. स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि वर्तमान में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश के मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला चिकित्सालयों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन सुविधा वाले बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई है।
आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही
इसके लिए वहां सेंट्रल ऑक्सीजन पाइपलाइन, ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, लिक्विड ऑक्सीजन टैंक इत्यादि भी स्थापित किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने इन नई विकसित सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए उपयुक्त स्थलों या वार्डों के चिन्हांकन के निर्देश दिए हैं।
