
panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की पहल पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 16 टन ऑक्सीजन लखनऊ भेजा है. इस ऑक्सीजन का इस्तेमाल मेदांता अस्पताल में भर्ती कोरोना पीड़ित मरीजों के लिए किया जाएगा. बता दें कि ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहे ऑक्सीजन को मदद मुहैया कराए जाने की कवायद के साथ प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री बघेल से फोन कर ऑक्सीजन की कमी का जिक्र किया था, सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ से ऑक्सीजन लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया है।
ऑक्सीजन टैंकर क्रमांक सीजी-04 जेबी 1665 रायपुर से लखनऊ के लिए रवाना किया गया. यह टैंकर संभवतः कल तक लखनऊ पहुंच जाएगा, जिसके बाद मरीजों को राहत मिल सकेगी. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि-
प्रियंका गांधी जी द्वारा फोन पर सूचना मिलने के उपरांत लखनऊ में कोरोना के मरीजों के उपचान में ऑक्सीजन की भारी कमी को देखते हुए आज लखनऊ के मेदांता अस्पताल की आक्सीजन आपूर्ति के लिए एक टैंकर ऑक्सीजन तत्काल व्यवस्ता कर उसे लखनऊ के लिए रवाना कर दिया है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच देशभर में ऑक्सीजन की भारी कमी हो रही है. ऑक्सीजन की कमी की वजह से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है. देश के कई राज्यों में अस्पतालों ने वहां भर्ती मरीजों को यह सूचना सार्वजनिक कर दी कि ऑक्सीजन महज कुछ घंटों का बाकी रह गया है. अस्पताल भी ऑक्सीजन की कमी की वजह से बेबस नजर आ रहे हैं. छत्तीसगढ़ भी देश के दूसरे राज्यों की तरह कोरोना संक्रमण का दंश झेल रहा है, बावजूद इसके कई दूसरे राज्यों में लगातार ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है. भिलाई स्टील प्लांट से महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत देश के 9 राज्यों में इस वक्त ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही है. राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए करीब 140 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की जरूरत है, जबकि उत्पादन करीब 380 मीट्रिक टन है।
