
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध तरीके से शराब खपाने का एक और बड़ा मामला नवा रायपुर से सामने आया है। नवा रायपुर के राखी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब में पंजाब आबकारी विभाग की मुहर लगी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अभनपुर इलाके के पचेड़ा गांव में अवैध शराब छिपा कर रखे जाने की सूचना पुलिस अफसरों को मुखबिर के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर अफसरों ने अभनपुर थाना पुलिस को बिना भनक लगे नवा रायपुर की राखी थाना पुलिस को कारवाई करने का आदेश दिया। इसके बाद राखी पुलिस टीम ने ग्राम पचेड़ा पहुंचकर पूर्व सरपंच इकराम खान के ठिकाने पर दबिश दी, जहां से 10 पेटी पंजाब प्रांत की शराब बरामद की गई।
राखी थाना पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बेच रहे पचेड़ा पंचायत के पूर्व सरपंच इकराम खान ने खेत में एक स्टोर रूम बना रखा था, जहां पर इस अवैध शराब को छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में इकराम खान को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
लाकडाउन में बिक रही शराब, तस्कर सक्रिय
छत्तीसगढ़ इन दिनों कोरोना महामारी की वजह से लोग हलाकान है, जिसके चलते राजधानी रायपुर से लेकर प्रदेश के 23 जिलों में लॉकडाउन किया गया है। परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के सबसे बड़े राजस्व स्रोत यानी कि शराब की दुकानों को भी महज इसलिए बंद कर दिया है ताकि प्रदेश में मचा हुआ हाहाकार किसी तरह से शांत तो हो सके।
इसके विपरीत आपदा को अवसर की तरह भुनाने वाले अवैध कारोबार को अंजाम देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि वीआइपी रोड के बड़े होटलो,ढाबों और गली मोहल्ले में एक हजार की शराब की बोतल दो से तीन हजार में बिक रही है। शिकायत के बाद भी पुलिस और आबकारी विभाग कोई कारवाई नही कर रहा। यानि दोनों की मौन स्वीक्रति है।
