
panchayattantra24.com,रायपुर। बीएड-डीएड संघ ने आज अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन इसको लेकर राजनीति तेज हो गई है. डॉ रमन सिंह ने ट्वीट कर चयनित शिक्षकों की गिरफ्तारी का आरोप लगाया था. जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने झूठ बताया है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे डॉ रमन सिंह द्वारा भाजपा आईटी सेल के एक ट्रोल की भांति झूठ और दुष्प्रचार फैलाना बेहद शर्मनाक है. इतनी ओछी राजनीति करके आपको क्या मिलेगा डॉ साहब? जिनके बारे में आप लिख रहे हैं, वो स्वयं ही आपको बेनकाब कर रहे हैं. झूठ फैलाना बंद कीजिए।
वहीं चयनित शिक्षकों की गिरफ्तारी वाले बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ट्वीटर पर लिखा कि आदतन झूठे और फर्जीवाड़ा विशेषज्ञ फिर से झूठ फैलाते पकड़े गए हैं. यदि रमन सिंह में जरा भी हिम्मत है तो सूची जारी कर बताएं कि किसे-किसे गिरफ्तार किया गया है? वरना सावरकर की तरह 9 नहीं सिर्फ 1 बार प्रदेश से माफी मांगें. RSS की दुष्प्रचार तकनीक अब न चलेगी।
इधर, बीएड-डीएड संघ का कहना है कि शिक्षक भर्ती में भारी देरी हो रही है. दो साल बाद भी चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं हो पाई है. इसलिए सरकार के खिलाफ विरोध का फैसला लिया था, लेकिन प्रशासनिक दबाव के कारण संघ ने प्रदर्शन रद्द कर दिया है।
बता दें कि बीएड-डीएड संघ के आंदोलन के ऐलान के बाद रमन सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया था कि पुलिस ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को घर से उठाकर हिरासत में ले लिया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझे सूचना मिली है कि शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर 8 जून को आंदोलन करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को घर से हिरासत में लेकर उठा लिया है।
इस पूरे आरोप को कांग्रेस ने झूठ करार दिया है. इसके साथ ही इस बात को साबित करने की चुनौती तक दी है।
