
panchayattantra24.com,रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में प्रभारी सचिव सप्तगिरी शंकर उल्का ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उल्का ने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव जीता था। वर्ष 2019 में पेगासस साफ्टवेयर का उपयोग कर भाजपा ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से जीत छीना है। भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है, देश का मूड मोदी के खिलाफ है।
उल्का ने कहा कि आउटरीच कार्यक्रम कांग्रेस का राजनीतिक काम नहीं। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रही है। सभी कार्यकर्ता पार्टी की भावना के अनुरूप काम करें। बैठक में संगठन की ओर से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान, साइकिल रैली, कलेक्टर एवं राजभवन पैदल मार्च कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इसके साथ जिलों में बन रहे जिला कांग्रेस के भवनों की प्रगति की समीक्षा भी हुई।
प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारी का अहसास करना होगा। राजीव भवन के निर्माण में कोताही नहीं होनी चाहिए। पूरे भारत में छत्तीसगढ़ ऐसा अकेला राज्य होगा, जहां सभी जिलों में पार्टी का दफ्तर होगा। महंगाई को लेकर जो कार्यक्रम कांग्रेसजनों ने किया, वह जबरदस्त था। मंत्री शिवकुमार डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने में बूथ कमेटी और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सरकार ने 36 में से 25 वायदा पूरा किया। भाजपा झूठ का प्रचार करती है। हमें सच्चाई और जनहित के कामों का प्रचार करना है।
जब पुनिया बोले-ऐसा नहीं कि आपसे योग्य कोई नहीं
प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ताओं को निगम, मंडल, आयोग में नियुक्ति देकर मनोबल बढ़ाया है। सभी को योग्यता के आधार पर नियुक्ति दी गई है। ऐसा नहीं कि आपसे ज्यादा कोई योग्य नहीं है। संख्या कम थी, योग्य लोग अधिक थे, कुछ को छूटना ही था। आपकी नियुक्ति का लाभ जनता और पार्टी को मिलना चाहिए।
