
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन सोमवार को किसानों के मुद्दे पर सदन गरमा सकता है। विपक्षी पार्टी रासायनिक खाद की कमी, अमानक बीज और कम वर्षा वाले क्षेत्रों में बांध से पानी नहीं छोड़े जाने का मुद्दा उठाने की तैयारी में है। किसानों की कर्जमाफी को लेकर भी सवाल लगा हुआ है। सत्ता पक्ष ने भी पटलवार करने की पूरी तैयारी कर रखी है।
इसकी वजह से सदन में हंगामा होने के आसार हैं। विधानसभा सचिवालय से जारी कार्यसूची के अनुसार सोमवार को सदन में किसानों के जमीन अधिग्रहण का भी मुद्दा उठेगा। कांग्रेस सदस्य कुलदीप जुनेजा ने इस मामले में ध्यानाकर्षण की सूचना दी है। इसमें कहा गया है कि सीमेंट कंपनियों ने किसानों के जमीन अधिग्रहण के एवज में उनके परिवारों को नौकरी नहीं दी है। इस पर राज्य के श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया सदन में सरकार की तरफ से जवाब देंगे।
परंपरा के अनुसार मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। सदन में छत्तीसगढ़, अविभाजित मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे पांच पूर्व विधायकों समेत सात लोगों के निधन का उल्लेख किया जाएगा। इसमें बद्रीधर दीवान पूर्व उपाध्यक्ष विधानसभा, डॉ. शक्राजीत नायक पूर्व राज्यमंत्री, गुलाब सिंह पूर्व विधायक, सोमप्रकाश गिरि व बालाराम वर्मा, बलराम सिंह बैस पूर्व विधायक अविभाजित मध्यप्रदेश, करुणा शुक्ला, खेलनराम जांगड़े पूर्व सांसद और रामाधार कश्यप पूर्व राज्यसभा सदस्य शामिल हैं।
सदन में उठाएंगे जनहित के सवाल: कौशिक
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि मानसून सत्र में किसानों से लेकर प्रदेश में बढ़ते अपराध का मामला सहित मतांतरण का मामला प्रमुखता से सदन में उठाएंगे। इस समय खाद की कमी एक बड़ी समस्या है। बिलजी आपूर्ति नहीं होने से आम लोग परेशान हैं। रेत से लेकर भूमाफिया पूरे प्रदेश में सक्रिय हैं, जो बेलगाम हैं। प्रदेश में लगातार हो रहे अपराध की घटनाओं से आम लोग भयभीत हैं। इन सब मुद्दों को भाजपा विधायक दल मुखरता से सदन में उठाएगा। नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि सत्र छोटा है, लेकिन मुद्दे अधिक हैं। अधिक से अधिक मुद्दे उठाकर प्रदेश की सरकार को हर मोर्चे पर घेरेंगे।
