
panchayattantra24.com,रायपुर। छत्तीसगढ़ की वित्तीय हालात को लेकर कैग द्वारा हाल ही में जारी रिपोर्ट ने भाजपा को कांग्रेस सरकार पर हमला करने का अवसर दे दिया है. भाजपा ने राजस्व घाटे को प्रदेश के इतिहास का सबसे बड़ा घाटा करार देते हुए कहा कि यह राज्य की आर्थिक बदहाली को बताता है, वहीं राज्य सरकार के केंद्र सरकार पर पैसा नहीं देने के आरोप को झूठ करार दिया है।
भाजपा नेता अमित चिमनानी ने कैग रिपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि मंत्री रविंद्र चौबे ने कैग की रिपोर्ट में प्रतिक्रिया देते राज्य की आय में कमी का कारण कोरोना को बताया था. जबकि कोरोना का पहला केस छत्तीसगढ़ में मार्च 2020 में आया था. छत्तीसगढ़ बनने के बाद पहली बार राज्य 9608.61 करोड़ों रुपए के राजस्व घाटे में है. वहीं पिछले वर्ष की तुलना में राजस्व आय 1226.23 करोड़ रुपए घटा है।
चिमनानी ने कहा कि पिछले 2 वर्षों में पूंजीगत व्यय में 1098 करोड़ व 337 करोड़ रुपए की कमी देखी गई. सरकार ने कुल 7265.79 करोड़ का निवेश किया. सरकार के पास 11,396 करोड़ की राशि होने के बाद भी उन्होंने बैंक से लोन लिया. यह सरकार बैंक से लोन लेकर ब्याज भर के दिवालिया होने की इच्छा रखती है. उन्होंने कहा कि 145 प्रोजेक्ट 2020 तक पूरा किया जाना था, जो पूरा नहीं हुआ है।
