
panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना काल में अपने कारोबार की गति बढ़ाने के लिए कुछ बैंक नई रणनीति बनाने लगे हैं। इसके तहत अब अस्पताल और इलाज से जुड़े उपकरणों के लिए भी ऋण उपलब्ध करा रहे हैं। यूको बैंक द्वारा यूको संजीवनी, यूको आरोग्यम और यूको कवच के नाम से लोन सुविधा शुरू की गई है। इसमें अस्पताल, ऑक्सीजन, तरल ऑक्सीजन, ऑक्सीजन सिलिंडर संयंत्र लगाने के लिए 7.50 प्रतिशत की दर पर कर्ज उपलब्ध करवाया जा रहा है। कोविड मरीजों को भी नए सिरे से कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख तक के कर्ज पांच प्रतिशत की दर से दिए जा रहे हैं।
बैंक का कहना है कि यूको संजीवनी, यूको आरोग्यम और यूको कवच अभी कोरोना काल को देखते हुए शुरू किए गए है। ये तीनों ही ऋण योजनाएं कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए शुरू की गई हैं। साथ ही ग्रुप बीमा योजनाएं भी शुरू की गई है और क्षतिपूर्ति आधारित स्वास्थय बीमा योजनाएं शुरू की गई हैं। जमा योजना के तहत यूको वैक्सी999 शुरू की गई है, जो 30 बेसिस प्वाइंट अधिक ब्याज दर के साथ उपलब्ध है। बैंकिंग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार और भी दूसरे कई बैंकों द्वारा इस प्रकार की लोन योजनाओं को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। आने वाले दिनों में और भी कई बैंक इस योजना को शुरू कर सकते हैं।
दूसरी लहर से प्रभावित हुए कर्जदाताओं को भी राहत
बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, कोरोना की दूसरी लहर से प्रभावित हुए कर्जदाताओं को भी बैंक द्वारा राहत दी जा रही है। इसके तहत समाधान फ्रेमवर्क 2.0 व्यक्तिगत और छोटे कारोबार के लिए दिया जा रहा है। इसे काफी पसंद भी किया जा रहा। सात जून तक बैंक द्वारा समाधान फ्रेमवर्क 2.0 के तहत 2314 खातों को 127 करोड़ का ऋण दिया जा चुका है। इसके साथ ही उधारकर्ता को गारंटीकृत आपातकालीन ऋण सुविधा 3.0 के तहत 30 सितंबर तक 10 फीसद अतिरिक्त दिया जाएगा।
कोरोना को देखते हुए शुरू की गई स्कीम
कोरोना की दूसरी लहर में काफी व्यापार प्रभावित हुए है। साथ ही ऑक्सीजन की आवश्यकता व दूसरे चिकित्सकीय आवश्यकताएं बढ़ गई हैं। ये योजनाएं काफी फायदेमंद हैं।
