
पंचायत तंत्र- रायपुर । शिक्षक भर्ती की पात्रता अवधि एक साल तक बढ़ाए जाने पर विपक्ष ने हमला बोला है. भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि सरकार कहीं ना कहीं लोगों को धोखे में रखना चाहती है. घोषणा करती है लेकिन उस पर अमल नहीं होता. जो योजनाएं लागू करना चाहती है उसके लिए तो पैसे की व्यवस्था हो जाती है, लेकिन लोगों को रोजगार व नौकरी देने के लिए इनके पास पैसों की कोई व्यवस्था नहीं होती ।
भाजपा के इस हमले पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को शिक्षक भर्ती परीक्षा के मामले में बोलने का नैतिक अधिकार ही नहीं है. हमारी सरकार ने शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी. 15 हजार शिक्षकों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. कोरोना काल है इसलिए उनको अभी तत्काल नियुक्ति नहीं दी जा सकती, इसलिए स्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि उनकी पात्रता 1 वर्ष के लिए बढ़ा दी गई है, जिनका चयन हुआ है उन सब को शिक्षक भर्ती में नौकरी सुनिश्चित है. भारतीय जनता पार्टी को इतनी चिंता है तो पिछले 15 सालों से इस प्रदेश में कई पद खाली थे उसे क्यों नहीं भरा गया ।
