रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में अब लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं और शिकायतें सुनी जाएंगी। प्रदेश संगठन ने इसके लिए देवजी भाई पटेल और श्रीचंद सुंदरानी को नियमित रूप से कार्यालय में बैठने के लिए कहा है। कार्यालय में यह व्यवस्था लोगों और कार्यकर्ताओं के लिए शुरू की गई है, जिससे किसी भी तरह की परेशानी हो तो उस पर विपक्ष के रूप में भाजपा कदम उठा सके। तीसरी बार यह व्यवस्था लागू होने जा रही है। भाजपा के दूसरे कार्यकाल में सहयोग केंद्र बनाया गया था, जिसमें वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने और अन्य प्रवक्ताओं को बैठने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि कार्यकर्ता ट्रांसफर-पोस्टिंग के मामले लेकर पहुंचे तो यह व्यवस्था बंद करनी पड़ी। इसके बाद तीसरे कार्यकाल में मंत्रियों को कार्यालय में बैठने के लिए कहा गया था। कुछ दिनों के लिए एक-दो मंत्री बैठे, लेकिन कोई भी दिग्गज मंत्री अपने समय में नहीं पहुंचा तो यह व्यवस्था भी फेल हो गई। अब यह तीसरा मौका है, जब विपक्ष में होते हुए भाजपा अपने दो वरिष्ठ नेताओं को कार्यालय में बैठाएगी। बता दें कि भाजपा लगातार राज्य सरकार पर बदले की कार्रवाई का आरोप लगा रही है। प्रदेश कार्यालय में नेताओं को बैठाने के फैसले को लोगों के साथ-साथ राजनीतिक हित के रूप में भी देखा जा रहा है। लोग अपनी समस्याएं लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे तो पार्टी के प्रतिनिधि संबंधित कार्यालय जाकर मदद करेंगे। इससे यह भी पता चल सकेगा कि लोगों को किस तरह की समस्याएं आ रही हैं। बता दें कि गरियाबंद में हिरासत में एक युवक की मौत के मामले में भी परिजन भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद ही भाजपा ने यह फैसला किया कि वरिष्ठ नेता उपलब्ध रहेंगे तो इस तरह के मामलों को संज्ञान में लेकर आगे प्रशासन पर दबाव बना सकेंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
