रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में बदलाव के बाद गुटों में बंटी राजनीति अब खुलकर सामने आ रही है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बिना किसी गुट वाले अरुण साव का चयन किया। इसके बाद से डा रमन सिंह और उनके विरोधी खेमे के नेताओं की सक्रियता अचानक कम हो गई है।
साव की नियुक्ति के बाद से पार्टी का एक धड़ा सन्नाटे में आ गया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अरुण साव ने गुस्र्वार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। नड्डा से मार्गदर्शन लेने के बाद साव शनिवार को रायपुर पहुंच रहे हैं। साव के स्वागत के बहाने अलग-अलग गुट के नेता शक्तिप्रदर्शन की तैयारी में है। साव का स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर तक स्वागत होगा।
साव सीधे प्रदेश कार्यालय न जाकर संभाग कार्यालय एकात्म परिसर पहुंच रहे हैं। इससे भाजपा की आंतरिक राजनीति गरम हो गई है। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो साव के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जिलाध्यक्षों की नियुक्ति होगी। ऐसे में रायपुर शहर जिलाध्यक्ष के लिए खींचतान शुरू हो गई है। जिलाध्यक्ष पद के दावेदार नेता जोरदार तैयारी के साथ एयरपोर्ट पहुंचने की तैयारी में हैं।
वहीं, मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बदलाव होगा। युवा मोर्चा के लिए राजधानी रायपुर के ओबीसी वर्ग के एक युवा नेता की दावेदारी सामने आ रही है। वहीं, जशपुर के एक युवा आदिवासी नेता भी संघ के भरोसे ताल ठोंक रहे हैं।
दोनों नेता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में है। वहीं, रायपुर जिलाध्यक्ष के लिए सामान्य वर्ग के एक पार्षद चुनाव हारे नेता की दावेदारी सामने आ रही है। हालांकि यह संकेत मिल रहे हैं कि रमन सरकार के समय सत्ता या संगठन में भागीदार रहे नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिलेगी। इस फार्मूले पर पार्टी चलती है, तो रायपुर शहर जिलाध्यक्ष पद पर भी किसी नए चेहरे को मौका मिल सकता है।