Browsing: रायपुर

 
 panchayattantra24.-रायपुर। राज्य में परंपरागत चिकित्सा और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर में राज्य स्तरीय परंपरागत वैद्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष रूप से भाग लिया और वैद्य समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्य में पारंपरिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा को संगठित करना और इसकी उपयोगिता तथा नवाचारों पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए परंपरागत वैद्य, आयुर्वेदिक चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी विधाओं और उपचार पद्धतियों के बारे में जानकारी साझा की। 
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहल कर रही है और वैद्य समुदाय को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए परंपरागत चिकित्सा और आयुर्वेदिक उपचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सम्मेलन में आयुर्वेदिक औषधियों के उत्पादन, जड़ी-बूटी संसाधनों के संरक्षण और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के डिजिटलीकरण पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा, युवा चिकित्सकों और छात्रों को परंपरागत चिकित्सा में रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
 वैद्य सम्मेलन ने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में परंपरागत और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय को मजबूत करने के प्रयासों को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य नीति, औषधि निर्माण और लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवीनतम शोध और तकनीकों पर भी चर्चा हुई। समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आयुर्वेदिक संस्थानों के प्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन मुख्यमंत्री साय के धन्यवाद संदेश और परंपरागत चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए नए कदम उठाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

 
 
 panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई के नेतृत्व में अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय और वैज्ञानिकों के बीच इसरो की यात्रा में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को बढ़ाने, राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने, शासन के कामकाज में पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए इसरो की तकनीक के उपयोग तथा स्कूल–कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए इसरो द्वारा संचालित गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। 
मुख्यमंत्री साय ने इसरो की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में जो ऊँचाइयाँ प्राप्त की हैं, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नवाचार और तकनीकी शिक्षा को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि प्रदेश के युवा स्पेस साइंस के प्रति रुचि लेकर देश के अंतरिक्ष अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इसरो द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जिससे उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इसरो की तकनीक का उपयोग कृषि, खनन नियंत्रण, भू-अतिक्रमण की निगरानी तथा धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों की पहचान जैसे कार्यों में प्रभावी रूप से किया जा सकता है। 
 इस अवसर पर इसरो अहमदाबाद केंद्र के निदेशक डॉ. एन. एम. देसाई ने मुख्यमंत्री को इसरो द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए इसरो कई अभिनव कार्यक्रम चला रहा है, जिन्हें छत्तीसगढ़ में भी विस्तारित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश में एक ‘स्पेस गैलरी’ की स्थापना को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। डॉ. देसाई ने मुख्यमंत्री श्री साय को इसरो अहमदाबाद केंद्र के भ्रमण हेतु आमंत्रित किया और उन्हें इसरो द्वारा हाल ही में लॉन्च किए गए उपग्रहों तथा मिशन चंद्रयान की प्रतिकृतियाँ स्मृति स्वरूप भेंट कीं। 
 इसरो के वैज्ञानिक भगवान मधेश्वर की तस्वीर देखकर हुए अभिभूत मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक के दौरान इसरो के वैज्ञानिकों की नजर जब भगवान मधेश्वर की तस्वीर पर पड़ी, तो वे उसे देखकर अभिभूत हो गए। जिज्ञासावश उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इसके बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मधेश्वर पहाड़ जशपुर जिले में स्थित है, जहाँ भगवान शिव विशाल प्राकृतिक शिवलिंग स्वरूप में पूजे जाते हैं। स्थानीय लोग भगवान शिव के इस स्वरूप की अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। 
 मुख्यमंत्री साय ने सभी वैज्ञानिकों को भगवान मधेश्वर के छायाचित्र भेंटस्वरूप प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, राजस्व विभाग की सचिव रीना बाबा साहब कंगाले, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण विजय दयाराम के., संचालक भू-अभिलेख विनीत नंदनवार, इसरो के ग्रुप डायरेक्टर डॉ. डी. के. पटेल, डॉ. दीपक कुमार सिंह, कलेक्टर गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
 

 

 panchayattantra24.-रायपुर। “राम काज कीने बिनु, मोहि कहाँ विश्राम…” के नारे के साथ सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में रायपुर रेलवे स्टेशन से रामलला दर्शन यात्रा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और “जय श्रीराम” के उद्घोष से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। 
 सांसद अग्रवाल ने प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का स्मरण ही हमें धर्म, त्याग और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अयोध्या धाम की यह यात्रा न केवल श्रद्धा की अभिव्यक्ति है, बल्कि हमारे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जीवन का उत्सव भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या धाम का पुनरुत्थान भारत की आत्मा को पुनः जागृत करने वाला ऐतिहासिक कार्य है। आज हर हृदय में राम बसते हैं और हर दिशा में राम राज्य की भावना साकार हो रही है। उन्होंने सभी यात्रियों के लिए मंगलकामना करते हुए कहा कि “प्रभु श्रीराम की कृपा से यह यात्रा सभी श्रद्धालुओं के जीवन में शांति, सुख और अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करे। इस अवसर पर छ.ग. पर्यटन बोर्ड अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा जी, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू समेत बड़ी संख्या में राम भक्त उपस्थित रहे।
 

 
  panchayattantra24.-रायपुर। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित सुजलाम भारत – जल संचय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के जल रक्षा मिशन मॉडल को राष्ट्रीय मंच पर प्रशंसा मिली है। नई दिल्ली स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में जल रक्षा के राजनांदगांव जिले में किए जा रहे प्रयासों-नवाचारों का पूरा प्रजेंटेशन अधिकारियों ने दिया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के जल संरक्षण, भू-जल प्रबंधन एवं जल साक्षरता से जुड़े नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की डायरेक्टर अर्चना वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। श्रीमती अर्चना वर्मा ने राजनांदगांव जिले के मिशन जल रक्षा मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य जिलों के लिए एक प्रेरणास्रोत है, जो जल संरक्षण की दिशा में सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है। राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा जिले के अभिनव मिशन जल रक्षा मॉडल का प्रस्तुतिकरण दिया गया। इस दौरान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, नीति आयोग के प्रतिनिधि, जल विशेषज्ञ एवं विभिन्न राज्यों के अधिकारीगण उपस्थित थे। 
राजनांदगांव जिले में मिशन जल रक्षा मॉडल जल संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण के लिए वैज्ञानिक, तकनीकी एवं सामुदायिक दृष्टिकोण पर आधारित है। जिले के चार में से तीन ब्लॉक सेमी क्रिटिकल जोन अर्थात जल स्तर के विषय में गंभीरता की स्थिति में थे। इन क्षेत्रों में निरंतर प्रयास करते हुए जिले में परकोलेशन टैंक, रिचार्ज शाफ्ट और जल संरचनाओं का निर्माण हाइड्रोजियोलॉजिकल मैप एवं जीआईएस आधारित विश्लेषण के माध्यम से किया गया है। जिससे वर्षा जल का अधिकतम उपयोग संभव हुआ है। इस मॉडल के अंतर्गत स्थानीय सामग्री से कम लागत वाले जल संरचनाएं तैयार कर निर्माण लागत मे कमी लाई गई है। 
मिशन जल रक्षा के अंतर्गत जल स्वच्छता एवं फसल संगोष्ठी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से ग्राम स्तर पर जल साक्षरता, वर्षा जल संचयन और सामुदायिक स्वच्छता एवं फसल चक्र परिवर्तन जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया है। साथ ही जिले में महिला सशक्तिकरण से जल संचय के लिए कार्य कर रहे 1.5 लाख से अधिक महिलाओं के बड़े समूह एवं पद्मश्री फुलबासन बाई और उनके द्वारा चलाई जा रही नीर और नारी जल यात्रा के निरंतर प्रयासों के बारे में जानकारी प्रदान की गई तथा मनरेगा अंतर्गत निर्मित किया जा रहे भू-जल संरक्षण संवर्धन संरचनाओं के लो कॉस्ट तकनीक के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सैटेलाइट जीआईएस इमेजरी और मैप के माध्यम से जल संरचनाओं के प्रभाव का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव देखे जाने लगे है। पॉलिसी गैप्स और लो-कॉस्ट स्ट्रक्चर डेवलपमेंट के विषय पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। राजनांदगांव जिले में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार नीति सुधार कर प्रभावी जल प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है और भविष्य में भी राज्य शासन से समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक जल संरक्षण संवर्धन संबंधित संरचनाओं को निर्मित किया जाएगा। 
उल्लेखनीय है कि सुजलाम भारत-जल संचय कार्यक्रम के तहत जल संरक्षण, जल निकायों के पुनर्जीवन, अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया है। यह कार्यक्रम भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य हर बूंद का संचित उपयोग सुनिश्चित करना है। राजनांदगांव जिले में मिशन जल रक्षा के दूसरे चरण में अब माइक्रो रिचार्ज मैपिंग, संस्थागत वर्षा जल संचयन प्रणाली और जल गुणवत्ता निगरानी तंत्र पर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। यह मॉडल भविष्य में सुजलाम भारत अभियान के अंतर्गत अन्य राज्यों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। रायपुर के मल्टीस्पेशलिटी DKS सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ब्रेन हेमरेज से पीड़ित एक मरीज का मोबाइल चोरी करके उसके बैंक अकाउंट से ₹73,000 की ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किया गया। मरीज अस्पताल में भर्ती था और उसके इलाज के दौरान वो जब बेहोशी के हालत में था तभी ये वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित मरीज देबराज बेहरा, जो कि ब्रेन हेमरेज की गंभीर स्थिति में DKS अस्पताल में भर्ती थे, उस समय पूरी तरह होश में नहीं थे। इसी दौरान किसी अज्ञात शख्स ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया और फिर उसी फोन के जरिए उनके बैंक अकाउंट से करीब 73,000 रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन में निकाल लिए। जब देबराज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए और कुछ दिन बाद मोबाइल और बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल गोलबाजार थाने में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
इस मामले ने DKS अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल ये उठता है कि जब एक गंभीर रूप से बीमार मरीज जो की बेहोश था उसका मोबाइल चोरी हो सकता है और उसके बैंक से इतनी बड़ी रकम निकाल ली जा सकती है। DKS अस्पताल एक प्रतिष्ठित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल है जहां हर दिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। लेकिन इस घटना ने सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। “प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” आज देश में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। यह योजना न केवल बिजली उपलब्ध कराने की पहल है, बल्कि “ऊर्जा क्रांति” का प्रतीक है, जिसने आम नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया है। छत्तीसगढ़ इस दिशा में अग्रणी राज्य के रूप में उभरा है। राज्य सरकार ने पात्र परिवारों को आवेदन से लेकर इंस्टॉलेशन तक हर चरण में सहयोग प्रदान किया है। सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में अंतरित की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास सुनिश्चित हुआ है। साथ ही, डिजिटल पोर्टल और जनसहयोग केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध सहायता दी जा रही है। 
कोरबा जिले के खरमोरा निवासी सुकलाल सूर्यवंशी इस योजना की सफलता का उदाहरण हैं। भारतीय रेल में लोको पायलट के रूप में कार्यरत सूर्यवंशी ने टीवी विज्ञापन के माध्यम से योजना की जानकारी प्राप्त कर इसे अपनाने का निर्णय लिया। योजना के तहत उन्हें 78,000 रूपए की केंद्रीय सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। आज उनका घर पूरी तरह सौर ऊर्जा पर निर्भर है। सूर्यवंशी का कहना है कि अब मेरे घर की छत ही मेरी ऊर्जा का स्रोत बन गई है। यह स्वच्छ ऊर्जा आत्मनिर्भरता और गर्व का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी नीतियों के कारण आज आम नागरिक सशक्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने न केवल घरों को रोशन किया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत को नई दिशा दी है।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है जो वर्षों से पक्के मकान के सपने को अपने दिल में संजोए हुए थे। आज उनके सपनों को साकार रूप मिल रहा है। शासन और प्रशासन के सतत प्रयासों से पीएम जनमन योजना अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का माध्यम बन गई है। हितग्राही रामकुमार  ने कहा कि सरकार ने पक्का आवास देकर हमें जो सम्मान दिया है, उसे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे कि पहले जिन कठिनाइयों में दिन गुजरते थे, आज उन्हीं जगहों पर खुशियों का बसेरा हो गया है।
विकासखंड राजपुर के ग्राम घटगांव के रामकुमार उन्हीं में से एक हैं जो इस परिवर्तन की सजीव मिसाल है पहाड़ी कोरवा रामकुमार बताते हैं कि इनके परिवार में पिता, पत्नी, तीन बच्चे रहते हैं और परिवार पहले मिट्टी से बने कच्चे घर में रहता था। बरसात के दिनों में घर की दीवारें टपकती और सर्दी के मौसम में ठंडी हवा परिवार के लिए असहनीय हो जाती थी। परिवार के लिए यह जीवन बहुत कठिन था। लेकिन आज वही परिवार अपने पक्के मकान में उजाले और सुरक्षा के साथ नई सुबह का स्वागत कर रहा है। राज्यपाल श्री डेका ने जब उन्हें चाबी सौंपी, तो रामकुमार की आँखें खुशी से नम हो गई। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन के द्वारा हमारे पक्के मकान का सपना साकार हुआ है। 
रामकुमार ने कहा कि इस बार की दिवाली अपने नए घर में मनाएंगे और परिवार के साथ दीप जलाएंगे। उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य सरकार के जनहित कल्याणकारी योजनाओं से जनजातीय एवं पहाड़ी कोरवा परिवारों के जीवन में परिवर्तन आ रहा है शासन प्रशासन के प्रयासों से बलरामपुर- रामानुजगंज जिले में पीएम जनमन अंतर्गत 3347 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 1871 आवास पूर्ण कर लिया गया है। कई लाभार्थी परिवार अब अपने नए मकानों में दीपावली मनाने की तैयारी कर रहे हैं, जो कि प्रशासन की सक्रियता का परिणाम है। प्रधानमंत्री जनमन योजना अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का माध्यम बन रही है, जिसके अंतर्गत पीएम जनमन आवास से पहाड़ी कोरवा परिवार लाभान्वित होकर खुशी- खुशी जीवन व्यतीत कर रहे है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर अंचल के सुदूर वनांचलों में रहने वाले लोगों के आवागमन के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में कोण्डागांव जिले के ग्रामीण अंचल को जिला मुख्यालय से जोड़ने और आम नागरिकों को सुलभ यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ पुराने बस स्टैंड से बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने हरी झंडी दिखाकर किया।
   राज्यव्यापी इस योजना की शुरुआत शनिवार को जगदलपुर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बसों को हरी झंडी दिखाकर की थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विजन में ग्रामीण परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ हो ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए गांवों से शहर तक आमजन को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
    कोण्डागांव जिले में योजना के तहत पहली बस सेवा सुंदर ट्रेवल्स द्वारा प्रारंभ की गई है। शुरुआती चरण में बस का संचालन कोण्डागांव से विश्रामपुरी मार्ग पर किया जा रहा है। तय समयानुसार यह बस सुबह 7 बजे विश्रामपुरी से कोण्डागांव के लिए रवाना होगी और वापसी में सुबह 10 बजे कोण्डागांव से विश्रामपुरी जाएगी। इस प्रकार प्रतिदिन दो फेरे लगाए जाएंगे, जिससे उन ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे बस सुविधा उपलब्ध होगी जहां पहले परिवहन सेवाएँ सीमित थीं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि अगले चरण में विकासखंड माकड़ी के क्षमतापुर से कोण्डागांव तक भी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत बस सेवा प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। इससे दूरस्थ अंचलों के हजारों ग्रामीणों को सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी और जिला मुख्यालय तक उनकी पहुंच आसान होगी।
   इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास को नई गति मिल रही है। ग्रामीण बस योजना इसका जीवंत उदाहरण है, जिससे गांव और शहर के बीच की दूरी कम होगी और लोगों का जीवन आसान बनेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, पार्षद मनोज जैन,  हर्षवीर सिंह ढिल्लन, सुश्री सोनामणि पोयाम बस संचालक श्री दिनेश कुमार जैन और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
 

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन जी ने स्नेहपूर्वक छत्तीसगढ़ आगमन की सहमति प्रदान की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सम्मान और अपार हर्ष का विषय है कि देश के माननीय उपराष्ट्रपति अपनी गरिमामयी उपस्थिति से राज्योत्सव के समापन समारोह को अविस्मरणीय बनाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह  उपस्थित थे।
 

panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका सरगुजा जिला प्रवास के दौरान सोमवार को विकासखण्ड लखनपुर के रजपुरीकला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां बालिकाओं से मिलकर कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है। राज्यपाल श्री डेका ने इस दौरान विद्यालय को 5 कम्प्यूटर सिस्टम प्रदान करने की घोषणा की।
जब राज्यपाल डेका ने बच्चों से पूछा कि भविष्य में क्या बनना चाहती हैं, तो बच्चों ने अपनी-अपनी इच्छा जाहिर की। राज्यपाल डेका ने कहा कि आप जो सपना देख रहें हैं, उसे साकार करने के लिए कडी मेहनत करनी होगी। अपना लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी के साथ आगे बढ़े, मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी। 
डेका ने शिक्षकों सेे कहा कि शिक्षक बच्चों को राह दिखाते हैं, इसलिए शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को समझें, बच्चों के प्रति अच्छा व्यवहार रखें। उन्होंने बच्चों को शिक्षक के साथ अच्छा व्यवहार करने, उनका आदर करने कहा। उन्होंने कहा कि हमें गिरने पर खड़े होने की ताकत शिक्षक से ही मिलेगी। इसी प्रकार उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने माता-पिता का सम्मान करें, आवश्यकतानुसार ही मोबाईल का उपयोग करें।