Browsing: रायपुर

 panchayattantra24.-रायपुर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा महोत्सव को संबोधित किया। इससे पहले अमित शाह ने प्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और पूजन किया। बस्तर दशहरा महोत्सवअवसर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री डॉ. विजय शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि 75 दिनों तक चलने वाला विश्व का सबसे बड़ा और अनूठा बस्तर दशहरा मेला न केवल 
आदिवासी समाज, बस्तर, छत्तीसगढ़ या भारत बल्कि पूरे विश्व में सबसे बाद सांस्कृतिक महोत्सव है। श्री शाह ने कहा कि आज माँ दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के दौरान उन्होंने प्रार्थना की कि वे हमारे सुरक्षा बलों को शक्ति दें ताकि वे 31 मार्च 2026 तक बस्तर क्षेत्र को लाल आतंक से मुक्त कर सकें। श्री शाह ने कहा कि दिल्ली में कुछ लोग वर्षों तक यह भ्रांति फैलाते रहे कि नक्सलवाद का जन्म विकास की लड़ाई है, जबकि सच यह है कि बस्तर के विकास से वंचित रहने का मूल कारण नक्सलवाद ही है। उन्होंने कहा कि आज देश के हर गाँव में बिजली, पेयजल, सड़क, हर घर में शौचालय, पाँच लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा और पाँच किलो मुफ्त अनाज के साथ-साथ चावल को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने की व्यवस्था पहुँच चुकी है, लेकिन बस्तर प्रगति की इस दौड़ में पीछे रह गया है। 
 गृह मंत्री ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की ओर से यह आश्वासन देना चाहते हैं कि 31 मार्च, 2026 के बाद नक्सलवादी न तो बस्तर के विकास और न ही बस्तर के लोगों के अधिकारों को रोक पाएंगे। श्री शाह ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के जो बच्चे भटक कर नक्सलवाद से जुड़ गए हैं, वे स्थानीय गांवों के ही हैं। श्री शाह ने बस्तर के लोगों से अपील की कि वे भटके हुए इन बच्चों को हथियार छोड़ कर मुख्यधारा में शामिल होने की बात समझाएं, ताकि वे बस्तर के विकास में सहभागी बनें। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन ने देश की सबसे बेहतर सरेंडर नीति बनाई है। पिछले एक महीने में ही 500 से अधिक लोग सरेंडर कर चुके हैं। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि वे सरेंडर कर दें। श्री शाह ने कहा कि जिस गाँव में नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा, वहाँ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गाँव के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए दिए जाएँगे। श्री शाह ने कहा कि नक्सलवाद से किसी का भला नहीं हुआ है और यह समस्या अब काफी हद तक कम हो चुकी है। 
अमित शाह ने कहा कि कि केन्द्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर सहित सभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए पूर्णतः समर्पित हैं और इसके लिए आकर्षक नीतियाँ बनाई गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए पिछले 10 वर्षों में लगभग 4 लाख 40 हजार करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान की है। छत्तीसगढ़ का विकास दिन-दूनी,रात-चौगुनी गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित हो रहे हैं, शिक्षा के संस्थान बन रहे हैं, और स्वास्थ्य संस्थानों का विकास हो रहा है। साथ ही हमारे लघु उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमने बहुत मोहक आत्मसमर्पण नीति बनाई है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि वे हथियार डाल दें। श्री शाह ने साथ ही चेताया भी कि यदि हथियारों के जरिए बस्तर की शांति को भंग करने का प्रयास किया गया, तो हमारे सशस्त्र बल, सीआरपीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस मिलकर इसका करारा जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 की तिथि तय है, जब नक्सलवाद को इस देश से पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। 
अमित शाह ने कहा कि इस बार बस्तर ओलंपिक में देशभर के आदिवासी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि बस्तर का पंडुम उत्सव, खान-पान, वेश-भूषा, कला, और वाद्य यंत्र न केवल बस्तर में, बल्कि पूरे विश्व में आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी का यही संकल्प है कि हमारी संस्कृति, भाषा, खान-पान, वेश-भूषा और वाद्य यंत्र सदियों तक न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व के लिए संरक्षित रहें। इस संकल्प को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार और भारत सरकार कटिबद्ध हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर में 1874 से आज तक मुरिया दरबार में सक्रिय भागीदारी, न्यायिक व्यवस्था, आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने का चिंतन और जनसंवाद की ऐतिहासिक परंपरा किसी वैश्विक धरोहर से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि मुरिया दरबार पूरे देश के लिए प्रेरणा और जानकारी का विषय है। 
अमित शाह ने स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी मेला का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने लंबे समय से स्वदेशी पर जोर दिया है। स्वदेशी जागरण मंच कई वर्षों से स्वदेशी को जन-आंदोलन के रूप मेंचला रहा है। अब मोदी जी ने सभी से आह्वान किया है कि प्रत्येक घर को यह संकल्प लेना है कि हम केवल अपने देश में बनी वस्तुओं का उपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को यह संकल्प लेना है कि उनकी दुकान या शॉपिंग मॉल में विदेशी वस्तुएँ उपलब्ध नहीं होंगी। श्री शाह ने कहा कि यदि 140 करोड़ की आबादी स्वदेशी के इस संकल्प को आत्मसात कर ले, तो भारत को विश्व की सर्वोच्च आर्थिक शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। 
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी जी ने हाल ही में छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की माताओं-बहनों को 395 वस्तुओं पर जीएसटी में भारी छूट देकर बड़ी राहत प्रदान की है। खाने-पीने की लगभग सभी चीजों को कर-मुक्त कर दिया गया है, और रोजमर्रा की उपयोग की वस्तुओं पर केवल पाँच प्रतिशत कर रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश में इतनी बड़ी कर कटौती पहले कभी नहीं हुई, जितनी मोदी जी ने की है। इसके साथ ही, यदि हम स्वदेशी के संस्कारों को अपनाते हैं, तो हमारे देश की अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व गति मिलेगी। श्री शाह ने कहा कि बस्तर दशहरा महोत्सव में 300 से अधिक स्वदेशी कंपनियाँ हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वॉकथॉन स्वदेशी भावना को नई पहचान देने का एक प्रभावी माध्यम बन गया है। आज देशभर में आयोजित हो रहे स्वदेशी मेलों के माध्यम से स्वदेशी अभियान को और गति मिल रही है। अमित शाह ने कहा कि श्रावण अमावस्या से अश्विन शुक्ल त्रयोदशी तक चलने वाला बस्तर का 75 दिनों का दशहरा हम सभी के लिए गौरव, पहचान और अभिमान का विषय है। उन्होंने कहा कि 14वीं शताब्दी से शुरू हुई रथ यात्रा ने इस पूरे क्षेत्र में सांस्कृतिक जागृति की शुरुआत की। श्री शाह ने कहा कि माँ दंतेश्वरी की रथ यात्रा में 66 आदिवासी और कई गैर-आदिवासी समूह भाग लेते हैं। श्री शाह ने कहा कि बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार आदिवासियों को जोड़ने का कार्य करते हैं और पूरे बस्तर को एक सूत्र में पिरोते हैं। 
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने आदिवासियों के सम्मान में अनेक योजनाएँ शुरू की हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी ने पहली बार देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी समुदाय की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर गौरवपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जब महामहिम द्रौपदी मुर्मू जी विश्व के राष्ट्राध्यक्षों से मिलती हैं, तो न केवल आदिवासी समाज, बल्कि हम सभी का हृदय गर्व से भर जाता है। लोकतंत्र के सर्वोच्च पद पर ओडिशा के एक गरीब परिवार की बेटी का महामहिम के रूप में आसीन होना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उनकी जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में स्थापित किया गया। बस्तर संभाग के सातों जिलों में नक्सलवाद छोड़कर सरेंडर करने वाले व्यक्तियों और नक्सली हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 15,000 से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का कार्य भी प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है। अमित शाह ने कहा कि नारायणपुर जिले के पंडी राम मंडावी और हेमचंद मांझी, तथा कांकेर के अजय कुमार मंडावी को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा महोत्सव के अवसर पर आज ‘महतारी वंदन योजना’ की 20वीं किस्त के रूप में 70 लाख छत्तीसगढ़ी माताओं को 607 करोड़ रुपए वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का शुभारंभ किया गया है। यह योजना बस्तर और सरगुजा संभागों में लागू की गई है और इसके तहत 250 गाँव समाहित किए गए हैं।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी से देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक आशाराम नेताम सहित जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। बागेश्वर धाम के गुरुजी पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का रायपुर आगमन पर सिंधी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ द्वारा स्वागत किया गया। गुढियारी इलाके में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिव्य दरबार लगाएंगे। वो हनुमंत कथा भी सुनाएंगे। इसमें लाखों भक्त शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इस कार्यक्रम में किसी भी तरह का विवाद ना हो, इसलिए पुलिस के अलावा 5 हजार बाउंसर्स भी तैनात रहेंगे। 
यह आयोजन 4 अक्टूबर से शुरू होगा और 8 अक्टूबर तक चलेगा। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हनुमंत कथा कार्यक्रम के लिए आयोजकों की तरफ से सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। अनुमान है कि इस दिव्य दरबार में प्रदेशभर से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे। समाजसेवी चंदन-बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में ‘स्व. पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन’ के देखरेख में यह आयोजन किया जा रहा है। पिछले दिनों 14 सितंबर को कार्यक्रम स्थल का पूजन-अर्चन के साथ शुभारंभ किया गया।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। कोरबा कलेक्टर अजीत बसंत को हटाने की मांग को लेकर धरना देने पर अड़े पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को मनाने की कोशिशें भी चल रही हैं। खबर है कि सीएम विष्णु देव साय ने शुक्रवार की रात कंवर से चर्चा की है। साय ने कंवर को बताया कि उनके लिखे पत्र पर बिलासपुर कमिश्नर से जांच प्रतिवेदन मांगा गया है। सीएम ने कंवर को धरना नहीं देने की सलाह दी है। 
इस पूरे मामले कंवर से चर्चा की कोशिश की गई, किन्तु उनसे संपर्क नहीं हो पाया। यह भी बताया कि कंवर अब भी कोरबा कलेक्टर की हटाने की मांग को लेकर धरना देने पर अड़े हुए हैं। कंवर रायपुर एम्स के नजदीक भवन में रूके हुए हैं। कंवर के कई रिश्तेदार भी उनसे चर्चा कर रहे हैं। भाजपा के कई नेता भी वहां पहुंच गए हैं। समाचार लिखे जाने तक कंवर धरना देने के लिए नहीं निकल पाए हैं।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कोरबा जिले के कलेक्टर अजीत वसंत को जिले से हटाने की मांग को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व गृहमंत्री कंवर लगातार कलेक्टर को हटाने की मांग कर रहे हैं और इसी मांग को लेकर सीएम हाउस के सामने धरने पर बैठने की बात भी उन्होंने कही थी। वहीं ननकीराम कंवर सीएम हाउस के सामने धरने पर बैठने के लिए रायपुर भी पहुंच चुके हैं, लेकिन उनके रायपुर पहुँचते ही हलचल शुरू हो गई। 
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर जैसे ही रायपुर पहुंचे पुलिस ने उन्हें रोककर घेराबंदी कर ली। इस दौरान पुलिस के बड़े अधिकारी, SDM और कई जवान मौजूद है। पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर को एम्स अस्पताल के पास एक भवन में घेराबंदी कर के रखा गया है। भाजपा के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता ननकीराम कंवर को मनाने के लिए पहुंचे हुए हैं। इतना ही पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर भी अपने पिता को मानाने के लिए पहुंचे हैं और उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर स्थित आईआईएम में पहली बार अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन 28-30 नवंबर के बीच होगा. इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर के सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियान, आतंकवाद विरोधी प्रयास, ड्रग्स नियंत्रण व साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस सम्मलेन का शुभारंभ करेंगे. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन सत्र में शामिल होने की संभावना है. 
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ सहित देशभर से नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है. इस दिशा में राज्य व केंद्रीय सुरक्षा बलों को संयुक्त रणनीति के तहत मिल रही सफलताओं को भी सम्मेलन में रेखांकित किया जाएगा. हाल ही के कुछ महीनों के भीतर कई बड़े नक्सली मारे गए हैं. साथ ही बड़ी संख्या में नक्सली सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण भी कर रहे हैं. वहीं, नक्सलवाद खत्म होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी. 
 सूत्रों के अनुसार, 60वीं डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में इस बार नक्सल प्रभावित इलाकों पर खास फोकस रहेगा. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में हाल के समय में पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त रणनीति से उल्लेखनीय सफलता मिली है. सम्मेलन में इस दिशा में आगे की योजनाओं पर भी मंथन होगा. महत्वपूर्ण यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो महीने के भीतर दूसरी बार छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे. पीएम मोदी 31 अक्टूबर की शाम रायपुर आएंगे, रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन यानी 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद नवंबर के अंतिम सप्ताह में वो फिर रायपुर पहुंचेंगे और डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी इस कांफ्रेंस को लेकर शुरू से काफी गंभीर रहे हैं. पिछले साल भुवनेश्वर में हुई कांफ्रेंस में भी उन्होंने हिस्सा लिया था.
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारियों को आज एक बार फिर बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी करेंगे। 65 लाख महिलाओं के खातों में कुल 606.94 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। वे कल रात 8 बजे रायपुर पहुंचे। आज वे बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर अमित शाह का CM विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, गृहमंत्री विजय शर्मा, डिप्टी CM अरुण साव समेत मंत्री और विधायकों ने स्वागत किया। कई बीजेपी नेता भी मौजूद रहे। 
अमित शाह दोपहर 12:00 बजे जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद वे अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर प्रवास को ध्यान में रखते हुए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं। पूरे बस्तर संभाग में सभी थानों, पुलिस चौकियों एवं फ़ॉरवर्ड बेस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा जिन स्थानों पर केंद्रीय गृहमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है वहां तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी के साथ ही सघन जांच भी की जा रही है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। महिलाएं आज जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम गढ़ रही हैं। तकनीक ने पूरी दुनिया के उत्पादों को फिंगरटिप्स पर ला दिया है और अब डिजिटल माध्यम से वैश्विक बाजार तक पहुँचना संभव हो गया है। इसी उद्देश्य से बिहान की दीदियों को डिजिटल प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि छत्तीसगढ़ के उत्पाद देश और दुनिया के बाजारों तक पहुँच सकें। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा पॉलिसी वॉच द्वारा आयोजित बिहान दीदियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। 
 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमारी संस्कृति में नारी शक्ति के सम्मान और पूजन का प्रतीक है। जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं इतिहास रच रही हैं। बिहान की बहनों की कामयाबी हमें गर्व से भर देती है। छत्तीसगढ़ की दीदियां अब आत्मनिर्भरता की ब्रांड एम्बेसडर बन रही हैं। लखपति दीदियां सपनों को नए पंख दे रही हैं और आज उन्हें डिजिटली सक्षम बनाकर उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। 
 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यदि हम संकल्प लेकर आगे बढ़ें तो सफलता निश्चित है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। वर्ष 2027 तक देशभर में 3 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 8 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जशपुर जैसे जिलों में महुआ आधारित उत्पाद तैयार हो रहे हैं, जिन्हें ‘जशप्योर’ ब्रांड के रूप में राष्ट्रीय पहचान मिली है। कोरोना काल में महुआ से सैनिटाइज़र बनाकर महिलाओं ने अपनी क्षमता और नवाचार का परिचय दिया था। 
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिली है। आत्मनिर्भरता का मार्ग संकल्प और प्रयास से ही संभव है। महिला स्व-सहायता समूहों के नवाचार और परिश्रम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। महिलाओं ने साझा किया लखपति बनने का शानदार सफर इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी बनने की प्रेरक कहानियाँ सुनीं। बलरामपुर जिले के तारकेश्वरपुर की श्रीमती पूनम गुप्ता ने बताया कि सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। प्रशासन के सहयोग से किराना दुकान खोली, आटा चक्की स्थापित की और अब पिकअप व ट्रैक्टर खरीदकर व्यवसाय को विस्तार दिया है। गरियाबंद की हेमिन साहू ने बताया कि एक समय सब्जी खरीदने तक में कठिनाई होती थी। बिहान से लोन लेकर आचार-पापड़ का व्यवसाय शुरू किया, जो अब राजिम में दुकान तक पहुँच चुका है। आज उन्हें प्रतिदिन लगभग 4 हजार रुपए की आय हो रही है। हाल ही दिल्ली के सरस मेले में उन्होंने 2 लाख 31 हजार रुपए की बिक्री की। 
गीता वैष्णव ने भावुक होकर कहा कि पहले उन्हें 10 रुपए के लिए हाथ फैलाना पड़ता था। लेकिन बिहान के माध्यम से मां वैभवलक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़कर उन्होंने आचार-पापड़ व्यवसाय शुरू किया। अब वे अपनी कमाई से बेटे को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनाने का सपना पूरा कर रही हैं। रायपुर की गीता वर्मा ने बताया कि वैभव स्व-सहायता समूह से जुड़कर हल्दी-मसाले का व्यवसाय शुरू किया और आज हर महीने 15 से 20 हजार रुपए की आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लखपति दीदी बनाने के संकल्प ने उनकी और लाखों बहनों की जिंदगी बदल दी है। 
मुख्यमंत्री ने बिहान दीदियों के स्टॉलों का किया निरीक्षण 
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद स्मारक भवन परिसर में पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन द्वारा लगाए गए बिहान दीदियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उनके उत्पादों और आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने भारत माता संकुल, डोंगरगांव की महिलाओं से साहीवाल और गिर गाय के A2 मिल्क से निर्मित घी की खरीदारी की। समूह की दिनेश्वरी साहू ने बताया कि उनके पास 25 से 30 गाएं हैं, जिनसे डेयरी उत्पाद तैयार कर महिलाएं अच्छी आय कमा रही हैं। जालाग्राम संगठन, सेरीखेड़ी की खिलेश्वरी मधुकर ने बताया कि उनके समूह की महिलाएं फिनायल, धूपबत्ती, मोमबत्ती, कुकीज़ और ग्लिसरीन सोप बनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। 
वहीं जय माँ भवानी स्व-सहायता समूह, मुंदगांव (डोंगरगढ़) की लक्ष्मी गंधर्व ने मुख्यमंत्री को अगरवुड का पौधा भेंट किया और बताया कि अगरवुड से बनने वाले तेल की कीमत लाखों रुपए होती है। इसका उपयोग अगरबत्ती, परफ्यूम और एसेंशियल ऑयल निर्माण में किया जाता है। राष्ट्रीय पहचान की ओर बिहान की दीदियां उल्लेखनीय है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और पॉलिसी वॉच के संयुक्त तत्वाधान में बिहान की दीदियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई है। इसके अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाएं अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफ़ॉर्म पर बेच सकेंगी। उन्हें प्रोडक्ट की ब्रांडिंग, कास्टिंग और पैकेजिंग जैसी बारीकियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। श्री प्रयास दशहरा उत्सव समिति द्वारा धूमधाम से दशहरा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण के सम्मानित विधायक सुनील सोनी, भठागांव मंडल अध्यक्ष विजय अग्रवाल, अभिषेक तिवारी, वार्ड पार्षद रमेश सपहा, युवा नेता राज गायकवाड़ और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उत्सव के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी ने श्री प्रयास एजुकेशन सोसायटी द्वारा जरूरतमंद बच्चों के जीवन में सुधार लाने और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निस्वार्थ प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर बच्चों की शिक्षा के लिए भवन और श्री प्रयास मैदान के संरक्षण हेतु प्रत्येक जनप्रतिनिधि ने 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इस सहयोग के लिए श्री प्रयास परिवार ने विशेष आभार व्यक्त किया। दशहरा उत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में समाज में व्याप्त नशे के खिलाफ संदेश देने हेतु नशे रूपी रावण का निर्माण किया गया। इस रावण का दहन महिलाओं ने किया। आयोजन में भाग लेने वाली महिलाओं ने अपने मन की पीड़ा व्यक्त करते हुए नशे के खिलाफ अपनी आवाज उठाने का संकल्प लिया। 
 नशा मुक्ति के इस प्रयास को जनता और महिलाओं ने सराहा और आयोजन को भरपूर आर्शीवाद और प्रशंसा दी। उत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता और बच्चों के हित में किए जाने वाले प्रयासों को भी दर्शाता है। श्री प्रयास एजुकेशन सोसायटी का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। संस्था के माध्यम से पुलिस परिवार और अन्य समाजसेवी लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।
 इस तरह के आयोजनों से न केवल बच्चों को शिक्षा के अवसर मिलते हैं बल्कि समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ भी जागरूकता फैलती है। इस दशहरा उत्सव ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। बच्चों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उत्सव का यह आयोजन रायपुर में सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक बनकर उभरा। इसे देखकर यह स्पष्ट हुआ कि धार्मिक और सांस्कृतिक अवसरों का सही उपयोग समाज को नशा मुक्ति और बच्चों के कल्याण जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक पहलों से जोड़ सकता है।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विशेष यात्रा को लेकर राजनीतिक गलियारे गर्माए हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैन ने अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि अमित शाह रायपुर आएंगे और फिर बस्तर जाएंगे लेकिन उनकी असली मंशा मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बढ़े असंतोष और गुटबाजी को काबू में करना है। दीपक बैन ने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कई वरिष्ठ विधायक अपनी उपेक्षा से नाराज हैं और इस असंतोष के चलते सरकार पर कहीं ना कहीं खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। ऐसे में अमित शाह की यह यात्रा डैमेज कंट्रोल करने के लिए है, जबकि बस्तर जाना सिर्फ एक बहाना है। 
 बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात 8:10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे नया रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद शनिवार को दोपहर 12 बजे वे विशेष विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जगदलपुर में दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दंतेश्वरी मंदिर में पूजा के बाद गृहमंत्री शाह बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगे जो आदिवासी सांस्कृतिक विरासत का एक प्रमुख आयोजन माना जाता है।