
पंचायत तंत्र – रायपुर । नगर निगम का गार्डन नशेडिय़ों का अड्डा बनता जा रहा है। पिछले एक महीने के भीतर यहां से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचते तीन लोगों को पक?ा जा चुका है। शुक्रवार को फिर मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने 500 नग नशीली टेबलेट के साथ न्यू चंगोराभाठा के राजेश साहू (32) को घेराबंदी कर दबोचा। आरोपित से टेबलेट की खरीद-बिक्री के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अफसरों का दावा है कि आने वाले दिनों में शहर में नशीली दवा खपाने वाले बड़ा रैकेट का पर्दाफाश होगा।
कोतवाली सीएसपी देवचरण पटेल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नगर निगम गार्डन के सामने ट्रैफिक कार्यालय के पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने ग्राहक तलाश रहे राजेश साहू को पक?ा गया। तलाशी लेने पर प्लास्टिक की थैली में चार अलग-अलग पैकेट में 500 नग स्पास प्लस, वी केयर नामक नशीली टेबलेट और कैप्सूल मिला। पूछताछ करने पर उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में बाहर से टेबलेट लाकर नशे के आदि युवाओं को बेचना बताया। मामले में उसके खिलाफ धारा 21(ख) नारकोटिक्स एक्ट की कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। नशीली दवा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान पिछले कई महीने से चल रहा है। कुछ दिनों पहले ही कोतवाली, मौदहापारा, गंज क्षेत्र से कफ सिरप और चरस का जखीरा पुलिस ने जब्त कर तस्करों की गिरफ्तारी की थी।
