Panchayattantra24.com – रायपुर। राजधानी में अब सीआरपीएफ अफसर बनकर कैम्प के जवानों की जांच और इलाज कराने के नाम पर एक होमियोपैथिक डॉक्टर के बैंक एकाउंट से 4 लाख रुपए पार कर दिए गए। अफसर ने सरकारी पैसे से बिल भरने के लिए एकाउंट वैलीडेट होना जरूरी बताते हुए पासवर्ड समेत अन्य जानकारियां ली और दो बैंक एकाउंट से रकम दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर कर ली गई। करीब सवा महीने पहले हुई वारदात की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक न्यू पुरैना मारुति रेसीडेंसी निवासी डॉ. शिवकुमार सिंह ने पांच घंटे के भीतर अपना एकाउंट ब्लॉक करा लिया। केन्द्रीय पोर्टल पर शिकायत भी की गई। कई एकाउंट सीज भी किए गए लेकिन इससे पहले ही फ्रॉड की रकम निकाली जा चुकी थी। सील एकाउंट में केवल तीन हजार रुपए ही होल्ड हुए हैं। डॉ. सिंह कालीबाड़ी इलाके में क्लिनिक चलाते हैं। 29 नवंबर को उनके सेलफोन पर एक अननोन मोबाइल नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को सीआरपीएफ अफसर बताया। डॉक्टर से कहा गया कि कैम्प के 35 मरीजों-जवानों का इलाज कराना है।
सोमवार से जांच शुरू कराई जाएगा। इसके बाद फीस आदि की जानकारी ली गई और शासकीय कार्य की राशि का भुगतान वैलीडेट एकाउंट पर ही किए जाने का झांसा दिया गया। डॉक्टर से एकाउंट की जानकारी मांगी गई। डॉ. सिंह ने अपने सहयोगी का नंबर दिया तो कथित अफसर ने दूसरे मोबाइल से उसे वीडियो कॉल किया। उससे भी एकाउंट समेत कई और जानकारियां ली गई। इसी दौरान पासवर्ड भी ले लिए गए। डॉक्टर ने पीएनबी और एसबीआई एकाउंट की जानकारी दी थी। इन्हीं दो एकाउंट से 3 लाख 98 हजार 984 रुपए दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर कर लिए गए।
