
रायपुर । मालिक की जानकारी के बगैर कंपनी के ट्रेडमार्क का अपने नाम से पंजीयन कराकर करोड़ों रुपए का चूना लगाने वाले आरोपी दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी कंपनी में मैनुफैक्चरिंग हेड और डायरेक्टर में कार्यरत थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार रोड स्थित सचदेव साइंटिफिक इक्विपमेंट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मनोज सचदेव ने अच्छा अनुभव बताए जाने पर वर्ष 2014 से दोनों सगे भाई हरेश पुरोहित एवं गिरीश पुरोहित पिता रमेशचंद्र पुरोहित (58) निवासी कांडिवाली, ईस्ट मुंबई को मेनुफैक्चरिंग हेड व डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया था। लेकिन दोनों ने संस्थान के कांसाब्लॉक नाम से उत्पादित प्रोडक्ट का ट्रेडमार्क अपने नाम से पंजीयन संस्था की जानकारी के बिना करा लिया। इस पर प्रार्थी मनोज सचदेव की रिपोर्ट पर थाना खरोरा में मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले में एसएसपी आरिफ एच. शेख के निर्देश पर खरोरा थाना और सायबर सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और उनके मुंबई में होने की सूचना प्राप्त हुई। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपियों को लोकेट कर मुम्बई से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड में रायपुर लाई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरूद्ध अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
