
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। प्रदेश में कोरोना के केस पिछले दो माहों की तुलना में कुछ कम जरूर हुए हैं, लेकिन लोग अभी भी लगातार संक्रमित हो रहे हैं, और कोविड डेथ एवं कोमार्बिडीटी डेथ भी हो रही है. ऐसी स्थिति में मेकाहारा के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ.ओपी सुंदरानी ने सांस की बीमारी वाले मरीजों और युवाओं को लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी है ।
डॉ. ओपी सुंदरानी ने कहा कि आगामी माहों में ठंड और प्रदूषण के कारण वैसे भी सांस की शिकायतों वाले मरीजों को दिक्कत होती है. यदि इन लोगों को कोविड संक्रमण हो जाएगा तो वह अत्यंत घातक होगा. इसके अलावा अभी त्योहार के मौसम में भीड़ से बचने, कोविड अनुकूल व्यवहार करने में ही भलाई है, मास्क लगाएं, दो गज की दूरी और हाथों की सफाई जरूरी है ।
डॉ. सुंदरानी ने युवाओं से विशेष अपील की है कि वे इस नाजुक समय में लापरवाह न बनें क्योंकि वे संक्रमित होंगे तो परिवार के बुजुर्गों एवं हाई रिस्क केटेगरी वाले व्यक्तियों को खतरा रहेगा. डॉ.सुंदरानी ने लोगों में प्रचलित इस धारणा को भी नकारा कि कितनी भी सावधानी बरतो, यह संक्रमण सबको होना ही है. उन्होंने कहा कि आईसीयू में भर्ती होने से अच्छा है कि लोग कुछ महीने और सावधानी से रहें, क्योंकि संक्रमण एक बार हो जाता है तो वह शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचाता है, और संक्रमण समाप्त हो जाने के बाद भी स्वास्थ्य गत समस्याएं रहती ही हैं ।
