
पंचायत तंत्र 24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी सोशल मीडिया के इस भ्रम की एक बानगी देखिए. एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल की गई. इस तस्वीर को वायरल कर यह बताया गया कि इसमें नजर आ रहे शख्स मुख्य सचिव आर पी मंडल और मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ उप सचिव सौम्या चौरसिया हैं. पहली नजर में ऐसा लगता भी है. पहली मर्तबा कोई इस तस्वीर को देखकर यह धारणा बना सकता है कि तस्वीर सच कह रही है. इस तस्वीर में मुख्य सचिव अपनी जूनियर अधिकारी को बारिश से बचा रहे है. टिप्पणी करने वाले दो वर्ग खड़े हो गए. एक ने इस तस्वीर की निगेटिव इमेज बनाकर उसे प्रचारित की, तो वही एक वर्ग ने इस तस्वीर में मुख्य सचिव के नारी सम्मान की भावना को बयां करते उनकी तारीफ की।
लेकिन हकीकत क्या है? हकीकत हम बताते हैं. यह तस्वीर झूठी साबित हुई है. जी हां तस्वीर में न तो मुख्य सचिव आर पी मंडल हैं और न ही मुख्यमंत्री की उप सचिव सौम्या चौरसिया।
दरअसल ये तस्वीर बलौदाबाजार जिले की एडिशनल एसपी निवेदिता पॉल की है, जो विधायक चंद्र देव राय के पिता की तेरहवीं के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँची थी. तेज बारिश होने की स्थिति में उनके अधीनस्थ डीएसपी संजय तिवारी छाता लेकर अपनी अधिकारी को बारिश से बचा रहे हैं. लेकिन वायरल तस्वीर को यह कहकर प्रचारित कर दिया गया कि यह आर पी मंडल और सौम्या चौरसिया हैं।
यह अपील करता है कि सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट की एक बार पड़ताल जरूर कर लें. जरूरी नहीं है कि हम जो देख और पढ़ रहे हैं, वह सही हो. इस तस्वीर में एक स्त्री के सम्मान को ताक पर रखने की भरपूर कोशिशें की गई. एक संवेदनशील अधिकारी की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाया गया. यदि यह तस्वीर वास्तविकता में सही भी होती तो क्या इस पर सवाल उठाना जायज है? दरअसल इस तस्वीर पर सवाल उठाने वाला तबका पितृसत्तात्मक सोच की परंपरा का वाहक है, जो एक स्त्री के आगे बढ़ने पर अवरोध खड़ा करते हैं।
